कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में मंगलवार दोपहर कैटरिंग कारीगर अभिषेक गौतम (30) का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए थे। दोपहर में मां उर्मिला घर पहुंचीं तो इकलौते बेटे का शव देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर काकादेव पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची और घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में अकेला था अभिषेक, मां के लौटने पर हुई जानकारी
परिजनों के मुताबिक अभिषेक कैटरिंग का काम करता था। परिवार में पिता रामबाबू, मां उर्मिला और बहनें गुड़िया व दीपाली हैं। मंगलवार को परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह अपने-अपने काम से बाहर गए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं होने के दौरान अभिषेक ने फंदा लगा लिया। दोपहर में मां उर्मिला वापस घर पहुंचीं तो घटना की जानकारी हुई। इकलौते बेटे का शव देखते ही उर्मिला बदहवास हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घर के बाहर जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजनों से पूछताछ
सूचना पर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभिषेक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी फिलहाल किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं दे सके हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

