ग्वालियर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट पीजी परीक्षा-2026 रविवार, 30 अगस्त को दो निर्धारित केंद्रों पर होगी। कंप्यूटर आधारित यह परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में दोनों केंद्रों पर कुल 1,356 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल सामग्री ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इनमें छोटे स्पाई या जासूसी कैमरे, कैमरा युक्त चश्मे, ईयरपीस, ब्लूटूथ और अन्य संचार उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा नोट्स, चिट्स, सादा कागज या किसी भी तरह की नकल सामग्री भी केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकेंगे। बारिश को देखते हुए पहले निकलने की सलाह जिला प्रशासन ने मौसम को देखते हुए अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलने को कहा है। जलभराव और यातायात संबंधी बाधाओं के कारण देरी से बचने के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

