शहर के अति-व्यस्त क्षेत्र महल रोड पर रविवार रात को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। महाराज सिंधिया की छतरी के ठीक सामने एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो गाड़ी सीधे सड़क के डिवाइडर पर जा चढ़ी और जोर का धमाका हुआ। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर चल रहे कई राहगीर वाहन की चपेट में आने से बच गए और बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्कूटी को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, भिंड के निवासी की है कार सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो गाड़ी को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू की। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने जब पड़ताल की, तो पता चला कि यह कार भिंड निवासी सोनी दीक्षित के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर कार मालिक सोनी दीक्षित ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार कार मांगकर ग्वालियर लेकर गया था। कार में सवार युवक सुरक्षित, पुलिस कर रही पड़ताल कार में सवार युवक हादसे में पूरी तरह सुरक्षित है। प्राथमिक पूछताछ में चालक का कहना था कि अचानक सामने आई एक स्कूटी को बचाने के प्रयास में गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर में जा घुसी। वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है और चालक की डॉक्टरी जांच (मेडिकल) कराने के साथ घटना के सही कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस का कहना इस मामले में पुलिस का कहना है कि “महल रोड पर स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कार को जब्त कर लिया गया है। चालक का कहना है कि स्कूटी सवार को बचाने के फेर में हादसा हुआ। मामले की विस्तृत जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

