ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को दो गांवों में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर गांवों में लगभग 62,500 वर्ग मीटर जमीन पर हुए अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया। इस जमीन की कीमत करीब 125 करोड़ रुपये आंकी गई है। ये कॉलोनाइजर अधिसूचित इलाके में अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित इलाके में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कॉलोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा संख्या 40 और 41 की 37,500 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे। प्रोजेक्ट विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह की अगुवाई में प्रबंधक राकेश बाबू और मिथिलेश कुमार सहित प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां अतिक्रमण को तोड़ दिया। इसी तरह अटाई मुरादपुर के खसरा संख्या 626 की 25,000 वर्ग मीटर जमीन पर भी अतिक्रमण किया जा रहा था। इसी टीम ने यहां भी बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। टीम ने दोनों जगह मिलाकर कुल 62,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त कराई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 125 करोड़ रुपये है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित इलाके में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी ले लें और अवैध कॉलोनी में अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं।

