ग्रेटर नोएडा के कासना कस्बे में शनिवार रात लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से 16 वर्षीय किशोर घायल हो गया। गोली प्रिंस उर्फ राजा के पेट में लगी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। घायल किशोर के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पिस्टल रखने वाले विकल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। पिस्टल निकालते समय अचानक चली गोली कासना थाना प्रभारी पंकज शर्मा के मुताबिक, शनिवार रात कासना कस्बे में प्रिंस उर्फ राजा (16) पुत्र दिनेश, निवासी अटारी, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़, गोली लगने से घायल हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि विकल सिंह पुत्र हरपाल सिंह के पास अपने भतीजे शिवा पुत्र सुखपाल की लाइसेंसी पिस्टल थी। विकल सिंह चारपाई पर बैठे थे। उन्होंने जैसे ही पिस्टल बाहर निकाली, उसी दौरान अचानक गोली चल गई। सामने घूम रहे किशोर के पेट में लगी गोली पुलिस के अनुसार, गोली सामने घूम रहे प्रिंस उर्फ राजा के पेट में जा लगी। गोली लगने से किशोर घायल होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल किशोर के पिता की शिकायत पर विकल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

