Gaurav Khanna As Ram: ‘अनुपमा’ फेम अभिनेता गौरव खन्ना इन दिनों अपने नए अवतार को लेकर चर्चा में हैं। आगरा के जनकपुरी महोत्सव 2026 में गौरव खन्ना पहली बार भगवान राम के किरदार में नजर आए, तो उन्हें देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ करने लगे। भावना एस्टेट में आयोजित इस कार्यक्रम में रामायण पर आधारित भव्य मंच तैयार किया गया था, जहां गौरव ने भगवान राम की भूमिका निभाई, जबकि विंदू दारा सिंह भगवान हनुमान के किरदार में नजर आए।
गौरव खन्ना के ‘राम’ अवतार पर हो रही चर्चा
गौरव खन्ना जब भीड़ के बीच से मंच की ओर बढ़े, तो उनके रूप को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और उनका उत्साह बढ़ाया। भगवान राम के रूप में उनका लुक सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा। फैंस ने उनके शांत अंदाज और सादगी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘दिव्य’ बताया।
गौरव की तस्वीरों और वीडियो पर कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए उनकी तुलना रणबीर कपूर से भी कर दी। एक यूजर ने लिखा कि ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर के मुकाबले गौरव ज्यादा बेहतर लग रहे हैं। वहीं एक अन्य फैन ने लिखा कि भगवान राम के रूप में गौरव बेहद दिव्य नजर आ रहे हैं। कई लोगों ने उनके अभिनय और व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें गौरव के रूप में श्रीराम के दर्शन करके खुशी और रोमांच महसूस हुआ।
गौरव के माता-पिता भी कार्यक्रम का रहे हिस्सा
गौरव खन्ना ने इस खास मौके पर अपने माता-पिता को भी कार्यक्रम में बुलाया था। यह पहली बार था, जब उनके माता-पिता ने उन्हें लाइव परफॉर्म करते हुए देखा। गौरव के माता-पिता ने भी उनके भगवान राम के किरदार की तारीफ की।
गौरव खन्ना इससे पहले ‘अनुपमा’ में अपनी पहचान बना चुके हैं। शो से बाहर होने के बाद उन्होंने रियलिटी शो का रुख किया और ‘बिग बॉस 19’ के विजेता बने। इसके बाद उन्होंने ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ में भी हिस्सा लिया। हाल ही में वो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में नजर आए थे। चोट के कारण उन्हें शो से बाहर होना पड़ा और बाद में वाइल्ड कार्ड के जरिए वापसी हुई, लेकिन उन्होंने चोट के चलते कुछ ही समय बाद शो छोड़ दिया।
श्रद्धा आर्य के साथ शो में आ सकते हैं नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक गौरव खन्ना जल्द ही श्रद्धा आर्या के साथ एकता कपूर के आगामी शो में नजर आ सकते हैं। यह एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा बताया जा रहा है और इसके जरिए वह ‘अनुपमा’ के बाद दोबारा डेली सोप में वापसी कर सकते हैं।
वहीं रणबीर कपूर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।






