गोरखपुर में ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ी 16 गाड़ियां:फूंक मरवाकर चेक किया गया अल्कोहल का लेवल, SP ट्रैफिक बोले- जारी रहेगा अभियान

गोरखपुर में ट्रैफिक पुलिस ने पकड़ी 16 गाड़ियां:फूंक मरवाकर चेक किया गया अल्कोहल का लेवल, SP ट्रैफिक बोले- जारी रहेगा अभियान

गोरखपुर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार की देर रात तक धर्मशाला चौराहे पर विशेष अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देशन और एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम ने ऑटो और ई-रिक्शा समेत अन्य वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, बिना फिटनेस और शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। देखिए 2 तस्वीरें बिना नंबर प्लेट वाले 4 वाहनों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस की जांच के दौरान 4 ऐसे वाहन मिले, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इन वाहनों के खिलाफ चालान और सीज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने गाड़ी चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
बिना फिटनेस के 11 वाहन पकड़े
जांच के दौरान 11 वाहन ऐसे मिले, जिनके पास वैध फिटनेस नहीं थी। पुलिस ने इन वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।
फिटनेस प्रमाणपत्र वाहन की सुरक्षा और उसकी सड़क पर चलने की स्थिति से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। पुलिस ने वाहन चालकों से समय पर अपने वाहनों की फिटनेस कराने की अपील की।
शराब के नशे में वाहन चलाने पर एक चालक पकड़ा
अभियान के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते हुए एक चालक को भी पकड़ा। उसके खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने साफ कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।
सड़क और फुटपाथ से हटाया जा रहा अतिक्रमण
यातायात पुलिस ने वाहनों की जांच के साथ सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानदारों और अन्य लोगों को सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और दुकानदारों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें और शराब या किसी अन्य नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
पुलिस ने लोगों से यह भी कहा कि सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर या किसी अन्य तरीके से अतिक्रमण न करें।
एसपी ट्रैफिक बोले- जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस के मुताबिक शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *