गोंडा के मोतीगंज पुलिस ने चोरी हुई बोलेरो को महज तीन घंटे में बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मोतीगंज थाना क्षेत्र के हड़हवा गांव निवासी राम प्रकाश ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अपनी सफेद रंग की बोलेरो चोरी होने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से रात करीब 9 बजे वजीरगंज थाना क्षेत्र के जमलापुर बाजार से चोरी हुई बोलेरो बरामद कर ली गई। मौके से आरोपी संतोष कुमार तिवारी को भी गिरफ्तार किया गया। चोरी के बाद भागते समय बाइक में मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि बोलेरो चोरी करने के बाद आरोपी संतोष कुमार तिवारी उसे लेकर भाग रहा था। इसी दौरान जमलापुर बाजार में उसने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग आरोपी की पिटाई करते नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपी की लोकेशन
बोलेरो चोरी की सूचना मिलने के बाद मोतीगंज पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस को चोरी की बोलेरो के जमलापुर बाजार की ओर जाने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की और बोलेरो बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पहले भी जा चुका है जेल
सीओ सदर अभिषेक दावाचा ने बताया कि राम प्रकाश ने डायल 112 और मोतीगंज पुलिस को बोलेरो चोरी होने की सूचना दी थी। इसके बाद कहोबा चौकी प्रभारी सुधीर कुमार यादव और मोतीगंज थानाध्यक्ष तेज नारायण गुप्ता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस को आरोपी के जमलापुर बाजार के पास होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार तिवारी पहले भी एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ अब तक दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

