गोंडा में युवक ने थानाध्यक्ष-सिपाही पर मारपीट का लगाया आरोप:एसपी से कार्रवाई की मांग, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

गोंडा में युवक ने थानाध्यक्ष-सिपाही पर मारपीट का लगाया आरोप:एसपी से कार्रवाई की मांग, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

गोंडा में युवक ने थानाध्यक्ष पवन मिश्रा और सिपाही आदर्श सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया है। अतुल का गोंडा मेडिकल कॉलेज में पिछले दो दिन से इलाज चल रहा है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे उसके पिता सुरेंद्र कुमार तिवारी ने एसपी, मुख्यमंत्री और राज्य मानवाधिकार आयोग को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस ने युवक के लगाए आरोपों को निराधार बताया है। सीओ तरबगंज डॉ. यूपी सिंह के मुताबिक, मेडिकल स्टोर संचालक से 150 रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। मामला उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र का है। मेडिकल स्टोर पर विवाद के बाद मारपीट का आरोप अतुल के पिता सुरेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक, उन्होंने अपने परिचित रामानंद को मेडिकल स्टोर पर दवा लेने भेजा था। आरोप है कि वहां राहुल गुप्ता ने रामानंद से चाय-टिक्की लाने को कहा। मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। सुरेंद्र कुमार का आरोप है कि राहुल ने रामानंद के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। इसके बाद सुरेंद्र कुमार अपने बेटे अतुल के साथ मेडिकल स्टोर पर मामले की जानकारी लेने पहुंचे। आरोप है कि वहां राहुल गुप्ता, ओंकार गुप्ता और तुलाराम गुप्ता ने दोनों के साथ मारपीट की। थानाध्यक्ष और सिपाही पर थाने में पीटने का आरोप सुरेंद्र कुमार का आरोप है कि मारपीट की सूचना पर उमरी बेगमगंज थानाध्यक्ष पवन मिश्रा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि बिना निष्पक्ष जांच किए अतुल पर लाठियों से हमला किया गया। आरोप है कि सिपाही आदर्श सिंह और अन्य पुलिसकर्मी अतुल को पकड़कर थाने के अंदर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। अतुल का कहना है कि उसके साथ इस तरह मारपीट की गई कि कपड़ों पर जूते के निशान तक पड़ गए। उसने मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आत्मदाह की चेतावनी अतुल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर थानाध्यक्ष और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिले के किसी चौराहे पर आत्मदाह करेगा। पुलिस की ओर से उसके इस आरोप और चेतावनी पर जांच की बात कही गई है। सीओ तरबगंज डॉ. यूपी सिंह ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मामला मेडिकल स्टोर संचालक से 150 रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है और उनके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। —————————- यह खबर भी पढ़ें… क्या NDA के लिए मुस्लिम वोट साधेंगे मो. शमी, जयंत से मुलाकात के बाद RLD में एंट्री की चर्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर मोहम्मद शमी अब सियासत की पिच पर नई पारी शुरू कर सकते हैं। RLD प्रमुख जयंत चौधरी से हालिया मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक एंट्री को लेकर कयासबाजी तेज हो गई है। अब सवाल है कि सियासत में संभावित एंट्री सिर्फ शमी की लोकप्रियता की वजह से है? या इसके पीछे पश्चिमी यूपी के मुस्लिम मतदाताओं तक पहुंच बनाने की RLD-भाजपा की रणनीति का हिस्सा है? पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *