केशवपुरम के हसनपुरम में एक माह पहले महिला की हुई हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस की अब तक की जांच में सिर्फ महिला का बड़ा बेटा ही शक के घेरे में है। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए गूगल से तरीके सर्च किए थे। महिला के बेटे के मोबाइल फोन में गूगल हिस्ट्री की जांच में ये बात सामने आई। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस से कहा कि सर मेरा नार्को टेस्ट करा दीजिए। प्रकरण में पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त साक्ष्य है। बस जेवर बरामद नहीं हो सके हैं, जिसका प्रयास किया जा रहा है। महिला का कुर्सी पर बैठे हुए मिला था शव केशवपुरम के हसनपुर निवासी 58 वर्षीय उमा कुशवाहा की उनके ही घर पर मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव कुर्सी पर बैठे हुए मिला था। रावतपुर थाना पुलिस व सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, परिवार के मोबाइल फोन के नंबरों की काल डिटेल जांच, मोबाइल टावर टावर डाटा व लोकेशन समेत तथ्यों के आधार पर जांच की तो शक की सुई मृतका उमा के बड़े बेटे अमरीश पर घूमी। उससे कई घंटों अलग-अलग कई दिनों तक पूछताछ की गई। कभी वह घटना स्वीकार कर लेता तो कभी बयान देकर मुकर जाता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की गूगल हिस्ट्री में हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के तरीके ढूंढे जाने के साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा, हत्या 12 से 12:15 के बीच हुई थी। उस समय की लोकेशन अमरीश की उसी के घर पर मिली। उसी समय मोबाइल कंपनी के दो मैसेज भी उसके मोबाइल पर पहुंचे थे। इन साक्ष्यों के अलावा उसके फोन के नंबर की काल डिटेल, उसने कहां-कहां किससे कितनी देर बात की व उसके पत्नी समेत लोगों के बयान समेत साक्ष्य लिए गए हैं।

