गुना में सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों ने बताईं समस्याएं:सस्पेंड SI ने बहाली मांगी, DIG ने बीमा प्रक्रिया सुधारने का भरोसा दिया

गुना में सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों ने बताईं समस्याएं:सस्पेंड SI ने बहाली मांगी, DIG ने बीमा प्रक्रिया सुधारने का भरोसा दिया

ग्वालियर संभाग DIG गुना के दो दिन के दौरे पर रहे। इस दौरान सैनिक सम्मेलन में एक सस्पेंड पुलिसकर्मी ने उनसे कहा कि हमे बहाल किया जाए। वहीं कैंट थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने SI से कहा कि नई कैप खरीद लो। वर्दी अच्छी पहनो। बता दें कि ग्वालियर रेंज DIG डॉ असित यादव सोमवार और मंगलवार को गुना के दौरे पर रहे। पहले दिन सोमवार को उन्होंने कैंट थाने का निरीक्षण किया। दूसरे दिन मंगलवार को परेड का निरीक्षण किया और सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए। इसी दौरान उन्होंने गुना पुलिस के नए पोर्टल का भी लोकार्पण किया। वर्दी अच्छे से पहनने के हिदायत DIG डॉ असित यादव सोमवार रात गुना पहुंचे। यहां SP हितिका वासल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कैंट थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने थाने की व्यवस्था, मालखाने सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के स्टाफ से चर्चा की। साथ ही पुलिसकर्मियों से संवाद किया। इसी दौरान कैंट थाने के एक SI से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नई कैप खरीद लो। DIG ने SI से पूछा कि किस जिले से हो, तो SI ने बताया कि ग्वालियर से हैं। इस पर DIG ने कहा कि ग्वालियर के लोग तो थोड़े चटक रहते हैं। कैप कल नई खरीदो। वर्दी अच्छी पहनो। SI ने की बहाल करने की मांग मंगलवार को DIG परेड ग्राउंड में आयोजित सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए। यहां पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। गुना हवाला कांड में निलंबित एक SI ने उनसे कहा कि उन्हें बहाल किया जाए। इस पर DIG ने कहा कि कुछ कुछ चीजें ऐसी होती हैं कि क्या हुआ उस समय, क्या नहीं हुआ, कह नहीं सकते। हर चीज में संवेदनशील नहीं हो सकते हम लोग। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने कहा कि पुलिसकर्मी का बीमा तो है, लेकिन जब वह बीमार हो जाता है और बीमा की जरूरत पड़ती है, तो उसके घरवालों को प्रक्रिया पता नहीं होती है। इसलिए प्रक्रिया बताने के लिए एक लाइजनिंग ऑफिसर को जिम्मेवारी दी जाए। इस पर DIG ने जल्द ऐसी व्यवस्था करने की बात कही। इसके अलावा और भी पुलिसकर्मियों ने अपनी बात रखी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *