गुरुवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे पटवारी, ऑनलाइन काम बंद:पटवारियों के निलंबन, सेवा-समाप्ति से नाराजगी, कलेक्ट्रेट में की नारेबाजी

गुरुवार को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे पटवारी, ऑनलाइन काम बंद:पटवारियों के निलंबन, सेवा-समाप्ति से नाराजगी, कलेक्ट्रेट में की नारेबाजी

नर्मदापुरम स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 को लेकर पटवारियों पर हो रही सेवा समाप्ति, निलंबन और अन्य दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने बुधवार से ऑनलाइन राजस्व काम बंद कर दिया। नर्मदापुरम जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी कर राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव के नाम डिप्टी कलेक्टर सीमा बडोले को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कार्रवाई वापस नहीं होने तक काम नहीं करने और गुरुवार से सामूहिक अवकाश पर जाने की बात कही है। देवास में तीन पटवारियों की सेवा समाप्ति का विरोध
जिला अध्यक्ष देवेंद्र कदम और इटारसी तहसील अध्यक्ष देवीशरण पटेल ने बताया कि देवास जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 सहित अन्य कार्यों को आधार बनाकर तीन पटवारियों की सेवा समाप्त की गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पटवारियों के खिलाफ निलंबन और दूसरी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के काम में आ रही कानूनी और व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी सरकार को पहले ही दी जा चुकी है। इसके बावजूद विसंगतियां दूर करने के बजाय पटवारियों पर काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। बुधवार से ऑनलाइन काम से विरत
प्रदेश संगठन के निर्णय के अनुसार 7 अक्टूबर से पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत हो गए हैं। पटवारी सरकारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप से भी बाहर हो रहे हैं। संघ ने कहा कि निलंबित पटवारियों की बहाली और अन्य दंडात्मक कार्रवाई वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा। गुरुवार से सामूहिक अवकाश
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार से सभी पटवारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ ने कहा कि राजस्व निरीक्षक संघ और तहसीलदार संघ भी स्वामित्व योजना के इस कार्य को लेकर आपत्ति जता चुके हैं। ऐसे में पटवारियों पर ही यह काम थोपना उचित नहीं है। गिरदावरी समेत कई काम हो सकते हैं प्रभावित
पटवारियों के ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहने पर गिरदावरी, किसानों को दस्तावेजों की नकल और खाद-बीज से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है। संघ लंबे समय से पटवारियों को स्वामित्व योजना में निष्पादक की भूमिका से अलग करने की मांग कर रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पटवारी संघ से देवेंद्र कदम, मुकेश गौर, प्रदीप यादव, चेतन वर्मा, राजेश गहरवार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *