गुरुग्राम की सेक्टर-38 मार्केट में रोड रेज का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सिरफिरे कार चालकों ने न सिर्फ एक दूसरे की कार को एक के बाद एक लगातार कई बार जोरदार टक्कर मारी, बल्कि जब एक कार सवार युवक नीचे उतरा, तो उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद दूसरी कार के ड्राइवर ने भी पहले वाली कार में जोरदार टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक दोनों गाड़ियां एक दूसरे को टक्कर मारती रही। यह पूरी घटना मार्केट में मौजूद कई लोगों के सामने हुई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की शुरुआत मामूली बात से हुई थी। सेक्टर-38 की व्यस्त मार्केट में दोनों गाड़ियों के बीच साइड लेने या आगे निकलने को लेकर थोड़ी बहस हो गई। आम तौर पर शांत हो जाने वाले इस विवाद पर कार चालक इस कदर गुस्सा हो गए कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को ताक पर रख दिया। गुस्से में आकर पहले एक ड्राइवर न े अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सामने खड़ी सफेद रंग की कार को आगे से बार-बार हिट करना शुरू कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे उतरे युवक को कुचलने की कोशिश कार के भीतर बैठे युवक को जब लगा कि सामने वाला ड्राइवर जानबूझकर उसकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा रहा है, तो वह आरोपी को रोकने के लिए अपनी कार का दरवाजा खोलकर नीचे उतरा। लेकिन जैसे ही युवक गाड़ी से बाहर आया, आरोपी चालक ने अपनी कार की दिशा उसकी तरफ मोड़ी और तेजी से एक्सीलेटर दबाकर उसे कुचलने के इरादे से आगे बढ़ा दिया। गनीमत रही कि पीड़ित युवक का रिफ्लेक्स काफी तेज था और उसने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए सही समय पर बगल की तरफ छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। अगर युवक जरा सा भी चूक जाता, तो वह सीधे गाड़ी के पहियों के नीचे आ जाता। लोगों ने बनाया वीडियो मार्केट की पार्किंग के बीचो-बीच हो रही इस खतरनाक वारदात को देखकर आसपास के दुकानदार, राहगीर और अन्य वाहन चालक सन्न रह गए। आरोपी इसके बाद भी नहीं रुका; उसने पीड़ित की कार को फिर से टक्कर मारी और वहां से यू-टर्न लेकर बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल घटना के दौरान मौके पर मौजूद मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाकर इस पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और सड़कों पर बढ़ रही इस प्रकार की गुंडागर्दी पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि इस घटना की शिकायत अभी पुलिस तक नहीं पहुंची हैं, लेकिन पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

