गुरुग्राम में रोडवेज में ऑटो ड्राइवर को युवकों ने पीटा:सॉरी बोलने के बाद भी भी मारपीट करते रहे बाइक सवार, डंडे मार-मारकर लहूलुहान किया

गुरुग्राम में रोडवेज में ऑटो ड्राइवर को युवकों ने पीटा:सॉरी बोलने के बाद भी भी मारपीट करते रहे बाइक सवार, डंडे मार-मारकर लहूलुहान किया

गुरुग्राम में रोड रेज की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महज ‘सॉरी’ बोलने के बावजूद चार बाइक सवार बदमाशों ने एक 19 वर्षीय ऑटो चालक की लात-घूंसों और बांस के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में पीड़ित को नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के भालुआ गांव के रहने वाले रवि कुमार (19 वर्ष) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भोंडसी स्थित राधा रानी कुंज में रहते हैं। वह ऑटो चलाकर अपना गुजारा करते हैं। रवि ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को वह सेक्टर-57 से सवारी लेकर मिलेनियम सिटी सेंटर की तरफ जा रहे थे। सॉरी बोलने पर भी नहीं माने बदमाश
रवि जब सवारी को लेकर वजीराबाद रेड लाइट पार कर आगे बढ़े, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें कट मारने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। बदमाशों ने चिल्लाते हुए कहा, “ऑटो सही से चला लो।” इस पर रवि ने विवाद को खत्म करने के लिए तुरंत उन्हें ‘सॉरी’ भी बोल दिया। लेकिन बदमाश इतने पर ही नहीं रुके। चारों ने मिलकर घेरा और डंडे से किया हमला
जैसे ही ऑटो ताऊ देवीलाल पार्क के सामने सड़क के दूसरी तरफ पहुंचा, तभी पहली मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों के दो अन्य साथी एक दूसरी बाइक पर पीछे से वहां आ धमके। चारों ने मिलकर रवि के ऑटो के आगे अपनी मोटरसाइकिलें अड़ा दीं और रास्ता रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने रवि को जबरन ऑटो से बाहर खींच लिया और बिना कुछ सुने लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जब रवि ने अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की, तो उनमें से एक बदमाश ने कहीं से बांस का भारी डंडा उठा लिया। इसके बाद एक आरोपी डंडे से और बाकी तीन बदमाश लात-घूंसों से रवि को तब तक पीटते रहे, जब तक कि वह पूरी तरह लहुलुहान नहीं हो गया। रवि के सिर और शरीर से खून निकलता देख चारों आरोपी अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए थे आरोपी
पीड़ित रवि ने बताया कि घायल होने के बावजूद उन्होंने आरोपियों की मोटरसाइकिलों का नंबर नोट करने का प्रयास किया। लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि किसी भी मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। वारदात के बाद राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद घायल ऑटो चालक को सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दर्ज किया बयान
अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस की टीम सिविल अस्पताल सेक्टर-10 पहुंची, जहां डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित रवि कुमार का आधिकारिक बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बिना नंबर की मोटरसाइकिलों और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *