गुरुग्राम में सोहना के गांव धुनेला के समीप डिवाइडर से बाइक टकराने से ऑटोमोबाइल एजेंसी में कार्यरत स्टोर कीपर की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गांव रेसरी, जिला अलीगढ़ निवासी सोनू उर्फ दुर्गेश के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से सोहना में रहकर पास्को एजेंसी में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सोनू उर्फ दुर्गेश अपनी बाइक पर गुरुग्राम से सोहना की ओर आ रहा था। जब वह गांव धुनेला के समीप पहुंचा, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने घायल को पहुंचाया अस्पताल टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऑटोमोबाइल एजेंसी में कार्यरत था सोनू उर्फ दुर्गेश के निधन की सूचना मिलते ही उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि वह काफी समय से ऑटोमोबाइल एजेंसी में कार्यरत था और अपने काम के सिलसिले में क्षेत्र में ही रहता था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव भोंडसी थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोहना के पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

