गुरुग्राम में एनएच-48 पर रोडवेज और ट्रक की टक्कर:बिलासपुर चौक के पास ओवरटेक करते समय हुआ हादसा; बाल-बाल बचे यात्री

गुरुग्राम में एनएच-48 पर रोडवेज और ट्रक की टक्कर:बिलासपुर चौक के पास ओवरटेक करते समय हुआ हादसा; बाल-बाल बचे यात्री

गुरुग्राम में बिलासपुर चौक के पास नेशनल हाईवे-48 पर हरियाणा रोडवेज और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे के दौरान बस सवारियों से भरी हुई थी। संयोग से सवारियों को चोट नहीं आई और सभी यात्री बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद हाईवे पर बस और ट्रक ड्राइवर के बीच तीखी बहस हुई, जिसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ, जब रोडवेज बस दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजर रही थी। बिलासपुर चौक के समीप रोडवेज बस ड्राइवर ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक चालक ने बिना कोई उचित संकेत दिए अचानक अपनी गाड़ी को लेफ्ट साइड मोड़ दिया। इससे ट्रक बस से टकरा गया और बस के बीच वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। ड्राइवरों में तीखी बहस
टक्कर होते ही बस में बैठी सवारियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद रोडवेज बस के ड्राइवर और ट्रक चालक दोनों सड़क पर उतर आए। दोनों ने एक-दूसरे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तीखी बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि हाईवे पर हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने स्थिति को संभाला और दोनों चालकों को समझा-बुझाकर उनके बीच बचाव करवाया। फ्लाईओवर निर्माण के कारण लगता है जाम
इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई। बिलासपुर चौक पर पहले से ही फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण सड़क संकरी हो चुकी है और वाहनों की रफ्तार धीमी रहती है। कई बार तो कई किमी लंबा जाम तक लग जाता है। हादसों का हॉटस्पॉट है बिलासपुर चौक
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिलासपुर चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर और वहां की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण यह इलाका हादसों का हॉटस्पॉट बन चुका है। निर्माण कार्य के चलते रात और सुबह के समय चालकों को भारी परेशानी होती है। बिलासपुर चौक पर जाम और वाहनों द्वारा ओवरटेकिंग के चक्कर में आए दिन यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हालांकि यहां पर ट्रैफिक पुलिस जवानों की ड्यूटी है, लेकिन ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से अक्सर पुलिस जवान भी असहाय हो जाते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *