गुना में डिलीवरी बॉय ने की कस्टमर से छेड़छाड़:पहले दूसरी जगह बुलाने की कोशिश, फिर घर पहुंचकर हाथ पकड़ा; नहीं मिली जमानत

गुना में डिलीवरी बॉय ने की कस्टमर से छेड़छाड़:पहले दूसरी जगह बुलाने की कोशिश, फिर घर पहुंचकर हाथ पकड़ा; नहीं मिली जमानत

गुना शहर के कैंट थाना इलाके में एक डिलीवरी बॉय द्वारा युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पहले डिलीवरी बॉय ने युवती को एड्रेस न मिलने का बहाना बनाकर दूसरी जगह बुलाने की कोशिश की। युवती नहीं आई तो डिलीवरी बॉय उसके घर पहुंच गया। युवती के साथ छेड़खानी की गई और उसके सामने अश्लील हरकत की गई। युवती ने चप्पल उठाकर मारी, तो डिलीवरी बॉय भाग गया। आरोपी की जमानत याचिका कोर्ट ने गुरुवार को खारिज कर दी है। मामला जुलाई महीने का है। 4 जुलाई को युवती ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर पर थी। उसने जिओ मार्ट से पार्सल ऑर्डर किया था। तभी जिओ मार्ट के डिलीवरी बॉय का कॉल आया। उसने कहा कि आपका एड्रेस गलत है, पेट्रोल पंप के पास बता रहा है। आप अपनी ओटीपी दे दो, मैं डिलेवरी करने आपके सही एड्रेस पर आ जाउंगा। युवती ने कहा कैंसिल कर दो मत आओ। फिर थोडी देर बाद दूसरे नंबर से कॉल आया, तो युवती ने उसको एड्रेस बताया और वह घर के बाहर आ गया। उसने ओटीपी मांगा और इसके बाद युवती ने उसके स्कैनर पर पेमेंट कर दिया। पार्सल ऑर्डर के समय हाथ पकड़ा
युवती ने कहा कि पार्सल गेट के बाहर रख जाओ, तो डिलीवरी बॉय ने पार्सल गेट के बाहर रख दिया। फिर उसने पार्सल उठाकर गेट की दूसरी खुली जगह में से अन्दर रखने की कोशिश की। जब युवती ने पार्सल लेने की कोशिश की, तो डिलीवरी बॉय ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। जब युवती ने अपना हाथ छुडाया तो वह अश्लील इशारा करने लगा। वह अंदर आने की कोशिश करने लगा। युवती ने गेट से धक्का मारकर उसे भगाया। जब वह भागने लगा तो चप्पल उठाकर उसे मारी। युवती चिल्ला रही थी तो आसपास के दो लोग निकलकर आए तब तक वह जा चुका था। युवती ने अपने भाई को कॉल कर बुलाया। इसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपी कृष्णगोपाल कुशवाह (31) निवासी पिपरौदा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की ओर से कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन लगाया गया था। सुनवाई के बाद कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *