चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया थाना क्षेत्र में एक गाय की मौत का मामला सामने आया है। गाय के शरीर पर चोट का निशान भी मिला है। गुरुवार को गाय को जिला पशु चिकित्सालय लाया गया, जहां उपनिदेशक डॉ. मंगेश जोशी के नेतृत्व में तीन पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया लेकिन, अभी रिपोर्ट आना बाकी है।
चंदेरिया निवासी गजराज सिंह उर्फ बंटी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे गाय खेत से बाहर आई और अचानक गिर गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो गाय के दाहिने कंधे पर गड्ढेनुमा चोट का निशान दिखाई दिया और उसकी मौत हो चुकी थी।
उस जगह पर कंकड़ भी भरे हुए थे। पहले एक पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उस समय मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद गुरुवार को हिंदू संगठन के मुकेश नाहटा से संपर्क किया गया।
उनकी सलाह पर गाय को जिला पशु चिकित्सालय लाया गया ताकि पोस्टमार्टम कराकर मौत की वजह का पता लगाया जा सके। इसी के साथ चंदेरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं हिंदू संगठन के पदाधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंचे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम ने किया पोस्टमार्टम
गाय को जिला पशु चिकित्सालय लाने के बाद उपनिदेशक डॉ. मंगेश जोशी ने पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम बनाई। टीम में डॉ. रुचि शर्मा, डॉ. संजय वर्मा और डॉ. मुकेश मीणा शामिल रहे। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया पुलिस की मौजूदगी में कराई गई। सूचना मिलने पर चंदेरिया थाना से एएसआई शंकरलाल जाब्ते के साथ हॉस्पिटल पहुंचे।

