गांधी पार्क में तैयार हुआ इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन अब ई-बसों के संचालन का नया केंद्र बनने जा रहा है। चार्जिंग सुविधा शुरू होते ही अलीगढ़ की 30 इलेक्ट्रिक बसों का रूट प्लान भी बदलेगा। 16 ई-बसें नोएडा रूट पर भेजी जाएंगी, 10 बसें मथुरा-वृंदावन मार्ग पर चलेंगी, जबकि 4 बसों को रिजर्व रखा जाएगा।
नोएडा रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की वजह एनसीआर में एक अक्टूबर से लागू हुई बीएस-6 से जुड़ी व्यवस्था है। इसी के चलते रोडवेज प्रबंधन ने इलेक्ट्रिक बसों को नोएडा रूट पर लगाने की तैयारी की है।
क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के अनुसार, उपलब्ध 30 इलेक्ट्रिक बसों का रूटवार इस्तेमाल किया जाएगा। नोएडा के लिए 16 बसें निर्धारित की गई हैं। मथुरा-वृंदावन रूट पर पहले से चल रही 10 बसों के संचालन में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा। चार बसें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए रिजर्व रहेंगी। जरूरत के अनुसार इन्हें किसी भी रूट पर लगाया जा सकेगा।
पुराने बस अड्डे की खाली जमीन पर बना स्टेशन
गांधी पार्क में जिस जगह चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है, वहां पहले रोडवेज का पुराना बस अड्डा हुआ करता था। शहर के अंदर से बस अड्डे को बाहर शिफ्ट किए जाने के बाद यह जगह खाली हो गई थी। बाद में इसी जमीन को इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन के लिए विकसित करने का निर्णय लिया गया।
अब यहां चार्जिंग से संबंधित काम पूरा हो चुका है और ई-बसों की पार्किंग भी शुरू हो गई है। रोडवेज प्रबंधन के मुताबिक रविवार या सोमवार से यहां चार्जिंग सुविधा शुरू किए जाने की उम्मीद है।
शहर में ही चार्ज होंगी बसें
चार्जिंग स्टेशन शुरू होने के बाद ई-बसों को चार्ज कराने की सुविधा अलीगढ़ में ही उपलब्ध होगी। इससे बसों की पार्किंग और चार्जिंग के साथ रूटवार संचालन को भी बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया जा सकेगा।
आरएम सत्येंद्र कुमार वर्मा के मुताबिक, नोएडा रूट के लिए 16 बसें चलाने की व्यवस्था की गई है। मथुरा-वृंदावन की 10 बसें पूर्ववत चलेंगी और चार बसें रिजर्व रहेंगी।

