बुरहानपुर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर शुक्रवार को ताप्ती नदी के राजघाट पर जिला स्तरीय स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल और अफसरों ने करीब एक घंटे तक श्रमदान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने भी सफाई की। सांसद पाटील ने ताप्ती को बुरहानपुर की पहचान बताते हुए इसे स्वच्छ रखने को हर नागरिक का कर्तव्य बताया। उन्होंने गांधी जी के स्वच्छ भारत संकल्प को पीएम मोदी के जनआंदोलन से जोड़ा। कार्यक्रम में पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगमाध्यक्ष अनिता यादव समेत निगम अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। गांधी जयंती पर शहर में गांधी शांति पदयात्रा भी निकाली गई, जो गांधी भवन से शुरू होकर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पूरी हुई।

