मुरैना | मां दुर्गा के स्वागत में रविवार को शहर भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया। नवरात्रि के शुभारंभ पर भक्त ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाएं लेकर पूजा पंडालों तक पहुंचे। विधि-विधान से कलश स्थापना कर नौ दिन की आराधना शुरू की गई। मां शक्ति के स्वागत में शहर के गली-मोहल्लों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। आकर्षक विद्युत सजावट से सजे पंडाल और भक्ति गीतों से गूंजता माहौल श्रद्धालुओं में उत्साह भरता नजर आया। कहीं प्रतिमा स्थापना की तैयारियां दिखीं तो कहीं भक्त पूजा-अर्चना में जुटे रहे। नवरात्रि के पहले दिन आस्था और उत्सव का ऐसा संगम नजर आया कि शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। अब अगले नौ दिन तक पूजा, आरती और धार्मिक आयोजनों से शहर में रौनक बनी रहेगी।

