बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में शनिवार रात भव्य झांकियां निकाली गईं। ठीकरी रोड और राजपुर रोड से निकलीं झिलमिलाती रोशनी से सजी झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जुलूस में ‘गदर’ फिल्म पर आधारित मंचन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसी दौरान कुछ युवाओं द्वारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर लहराने और नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। रात 12 बजे से शुरू हुआ झांकियों का कारवां शनिवार रात करीब 12 बजे से अंजड़ में झांकियां निकलना शुरू हुईं। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी झांकियों को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यह सिलसिला रविवार सुबह करीब 9 बजे तक जारी रहा। जुलूस में शामिल डीजे की धुन पर युवाओं का दल भी झूमता नजर आया। ‘गदर’ फिल्म पर आधारित मंचन रहा आकर्षण झांकियों में ‘गदर’ फिल्म पर आधारित मंचन ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके अलावा विभिन्न गणेश पंडालों की ओर से लोगों को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्सव का माहौल बना रहा। झांकी में लहराया लॉरेंस बिश्नोई का पोस्टर चल समारोह के दौरान कुछ युवाओं के हाथ में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक एक फ्लेक्स बैनर लहराते नजर आ रहे हैं। पोस्टर के एक तरफ छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर और दूसरी तरफ लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर दिखाई दे रही है। वीडियो में “आपका बाप आ रहा है” जैसे नारे लगाए जाने का भी दावा किया जा रहा है। बाद में युवाओं ने इन वीडियो और फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया। जुलुस के वीडियो सामने आया धार्मिक और सांस्कृतिक जुलूसों में लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर और प्लेकार्ड लहराए जाने के वीडियो आज रविवार को सामने आया। समाजशास्त्रियों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण कुछ युवा अपराधियों की छवि और जीवनशैली से प्रभावित होकर ऐसी गतिविधियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी रहे तैनात जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान पुलिस बल और प्रशासनिक टीम के साथ पूरे समय तैनात रहे। पुलिस ने जुलूस के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर नजर रखी।

