उन्नाव में भारी बारिश के बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर दरार आने का वीडियो सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो उन्नाव सीमा में सराय कटियान गांव के पास किलोमीटर संख्या 422 के आसपास का बताया जा रहा है। वीडियो में एक्सप्रेसवे के किनारे बारिश के पानी की निकासी के दौरान मिट्टी कटने से सड़क के हिस्से में दरार दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद कार्यदायी संस्था ने मौके पर बैरिकेडिंग कराकर मरम्मत का काम शुरू कराया। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 422 के पास ‘रेन कट’ की स्थिति सामने आई थी। लगातार बारिश के कारण एक्सप्रेसवे के आसपास पानी भरने और मिट्टी कटने से सड़क के किनारे का हिस्सा प्रभावित हुआ। वीडियो में सड़क के किनारे बने हिस्से में कटाव और दरार दिखाई देने के बाद इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वीडियो तेजी से वायरल हुआ। करीब 36 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे पर दरार का वीडियो सामने आने के बाद इसकी गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे। हालांकि, वायरल वीडियो और दरार की वास्तविक स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट सामने नहीं आई है। कार्यदायी संस्था ने मौके पर बैरिकेडिंग कराकर प्रभावित हिस्से की मरम्मत कराई। जलभराव का भी किया निरीक्षण सोमवार को यूपीडा के कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने एक्सप्रेसवे के एक्जिट टोल के पास जमा बारिश के पानी की स्थिति देखी और अधिकारियों से जल निकासी समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यूपीडा के अधिकारियों के साथ कार्यदायी संस्था के कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस दौरान एक्सप्रेसवे के आसपास हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई को लेकर भी स्थिति देखी गई। मनोज कुमार सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों से बारिश के बाद उत्पन्न समस्याओं को लेकर जानकारी ली।

