जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के मटरा गांव में शनिवार शाम करीब 50 वर्षीय महिला ने खेत में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मटरा गांव निवासी शंभूदयाल प्रजापति की पत्नी कमला प्रजापति शनिवार शाम खेत में चारा काटने गई थीं। बताया गया कि खेत में काम करते समय उन्होंने अचानक एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगा लिया और उस पर झूल गईं। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कमला को पेड़ पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि कमला के एक बेटे की बीमारी से और दूसरे बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। दोनों बेटों की मौत के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह और ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पेड़ से शव को नीचे उतरवाया और परिवार की मौजूदगी में पंचनामा भरा। इसके बाद शव को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।

