छत्तीसगढ़ के कोरबा में ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहे युवक को सिविल ड्रेस में आए 2 लोगों ने रोक लिया। उन्होंने खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताया और बिना परमिट बांस ले जाने पर जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद 5 हजार वसूले गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की है। मामला बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी का है। गोढ़ी के रहने वाला योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने उसका ट्रैक्टर रुकवा लिया। दोनों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि दोनों लोगों ने युवक से कहा कि बिना परमिट बांस ले जाने पर उसे जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने उससे रुपए की मांग की। डर के कारण युवक ने ऑनलाइन 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए मिलने के बाद दोनों ने उसे जाने दिया। SP से की शिकायत घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने कोरबा एसपी से शिकायत की। उसने बताया कि दोनों लोगों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ बताया था। पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं। आरक्षक के खिलाफ वसूली की शिकायत कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक के खिलाफ एसपी कार्यालय में वसूली की शिकायत हुई है। एसपी ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से आरोपियों की पहचान पुलिस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर भी आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिंघाली के जंगल में जुए के अड्डे पर छापा, 11 गिरफ्तार कोरबा में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सिंघाली के जंगल में जुए के अड्डे पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 11 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। इनके पास से नकदी, मोबाइल और 15 बाइक समेत 11 लाख 56 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंघाली के जंगल में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों से जुआरी यहां पहुंचते थे। जंगल में तिरपाल लगाकर जुआ खेलने का इंतजाम किया गया था। सूचना मिलने के बाद बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल की घेराबंदी की। टीम ने मौके पर दबिश दी तो जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। नकदी और मोबाइल समेत 11.56 लाख का सामान जब्त पुलिस ने मौके से 74 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा 14 एंड्रॉइड मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल जब्त किया गया, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 82 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने बुलेट और स्कूटी समेत 15 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इनकी कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, कुल 11 लाख 56 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पुलिस ने शिवमोहन सिंग (50), शांतिनगर बालकोनगर; अमित कुमार श्रीवास्तव (48), कैलाशनगर बालकोनगर; सफिक खान (25), चिमनी भट्ठा मानिकपुर; संजू कुमार साहू (27), धोबी मोहल्ला बांकीमोंगरा; ईश्वरी साहू (37), कुदरीपारा बांकीमोंगरा; विजय कुमार (52), शांतिनगर बांकीमोंगरा; हेमंत बहादुर कार्की (50), सुराकछार बांकीमोंगरा; सुमीत यादव (28), गेवरा बस्ती कुसमुंडा; अभिमन्यु सिंग (35), तुलसीनगर कोतवाली; सुरेंद्र चौहान (39), भदरापारा बालकोनगर और राजू नाहक (33), शांतिनगर बांकीमोंगरा को गिरफ्तार किया है। जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि इलाके में जुए के अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

