दिमनी थाना क्षेत्र में क्वारी नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। नदी में उतरे चार युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। तीन युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान विजयपाल माहौर (35) पुत्र महेश माहौर, निवासी दिमनी के रूप में हुई है। पुल के पास नदी में उतरे थे चारों युवक जानकारी के अनुसार विजयपाल अपने दोस्तों हरिओम, बंटी और एक अन्य युवक के साथ क्वारी नदी के पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान चारों युवक नदी में उतर गए। अचानक पानी का बहाव तेज होने से चारों युवक पानी में बहने लगे। तीन युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन विजयपाल तेज बहाव में बह गया। उसके साथियों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी। पुलिस पहुंची, SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक विजयपाल का कोई सुराग नहीं मिला था। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही थी इसलिए रोकना पड़ा अब सुबह से फिर रेस्क्यूबकर तलाश की जाएगी। गणेश विसर्जन की सूचना नहीं थी दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे के अनुसार शाम के समय एक युवक के क्वारी नदी में नहाने के दौरान डूबने की सूचना मिली थी। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, गणेश विसर्जन 22 सितंबर को होना है और सोमवार को विसर्जन के संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली थी। नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल हादसे के बाद क्वारी नदी के घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नदी में तेज बहाव के बावजूद युवकों के पानी में उतरने की स्थिति सामने आई है। पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया है।

