कूचबिहार में DRI ने पकड़ा 12.37 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना, 4 गिरफ्तार

कूचबिहार में DRI ने पकड़ा 12.37 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना, 4 गिरफ्तार

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक अभियान के दौरान करीब 8.3 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 12.37 करोड़ रुपये आंकी गई है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तस्करी की गतिविधियों के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक महत्वपूर्ण अभियान के तहत डीआरआई अधिकारियों ने कूचबिहार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास निगरानी बढ़ाई।

इस दौरान पांच अक्टूबर को अधिकारियों ने भारत-बांग्लादेश सीमा के चौधरीहाट से कूचबिहार जाने वाले मार्ग पर दो मोटरसाइकिल से यात्रा कर रहे चार लोगों को रोका। संदिग्धों की तलाशी लेने पर सोने के बिस्कुट बरामद हुए, जिन्हें उनमें से दो लोगों द्वारा पहनी गई विशेष रूप से तैयार कपड़े में छिपाकर रखा गया था। इन चारों लोगों के पास से कुल 72 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 116 ग्राम था।

करीब 8.3 किलोग्राम वजन और लगभग 12.37 करोड़ रुपये मूल्य का विदेशी सोना जब्त कर लिया गया तथा इसमें शामिल चारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *