कुशीनगर में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस टीम ने एनसीसी और भारत स्काउट-गाइड की छात्राओं के साथ जागरूकता रैली निकाली। गांधी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को यातायात और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने हेलमेट, सीट बेल्ट के इस्तेमाल, वाहन चलाते समय मोबाइल से बचने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और तेज रफ्तार से बचने की जानकारी दी। नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की सलाह भी दी गई। छात्राओं से ट्रैफिक वारियर बनकर लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। महिला सुरक्षा के लिए 1090, 112 और 181 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। पुलिस ने पंपलेट बांटकर 1076, 1098, 102, 108 और 101 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया। रैली में थानाध्यक्ष इत्यानंद पाण्डेय, यातायात प्रभारी रमेश सिंह, चौकी प्रभारी मनोज द्विवेदी, उप निरीक्षक प्रियंका तिवारी और मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।

