कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक पेट्रोल पंप के सामने ट्रक ऑपरेटरों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई। यह घटना एनएच-28 पर बगही गांव के पास हुई। बालू के रेट को लेकर हुए विवाद के बाद पेट्रोल पंप परिसर में हंगामा हो गया। इस दौरान मारपीट के साथ फायरिंग की बात भी सामने आई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ के बीच एक व्यक्ति फायरिंग करता दिख रहा है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की बात से इनकार किया है और मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, कुछ बालू कारोबारी और ट्रक ऑपरेटर सुबह से ही पेट्रोल पंप के पास जमा थे। ट्रांसपोर्टरों के वॉट्सऐप ग्रुप पर सुबह से ही एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दी जा रही थीं। विवाद बालू के रेट और अपनी टीम के साथ काम करने को लेकर शुरू हुआ। पुलिस कर रही मामले की जांच आरोप है कि बालू कारोबारी अपनी टीम के साथ काम करने और उनके तय रेट पर ही बालू बेचने का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में दोपहर बाद कहासुनी हुई, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर मौके पर मारपीट भी हुई। इसमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। वायरल वीडियो में भीड़ के बीच एक व्यक्ति फायरिंग करता हुआ दिख रहा है। वीडियो में पेट्रोल पंप परिसर में लोगों की बड़ी भीड़ भी दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और पटहेरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक स्थिति बदल चुकी थी और कोई आरोपी तुरंत हाथ नहीं लगा। पुलिस वीडियो फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और जांच करने की बात कह रही है। खास बात यह है कि जिस पेट्रोल पंप परिसर का वीडियो वायरल हुआ है, वो प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री से जुड़ा बताया जा रहा है। इस वजह से घटना को लेकर पुलिस मामले को लेकर गंभीर बनी हुई है। पटहेरवा के थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

