कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देशव्यापी अभियान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के तहत सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च दमवतिया पंचायत भवन, रविंद्र नगर से प्रारंभ होकर जिला मुख्यालय पहुंचा। हाथों में तख्तियां और तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली, निर्वाचन आयोग की संदिग्ध भूमिका और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ उग्र विरोध जताया। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा, “मताधिकार कोई प्रशासनिक रियायत नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की महान विरासत है।” उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में आयोग की कार्यप्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लल्लू ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और फॉर्म-6 के निस्तारण में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। वंचितों, दलितों, पिछड़ों और वैचारिक रूप से विरोधी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की और कहा कि यदि वे पद नहीं छोड़ते हैं, तो राष्ट्रपति से उन्हें पदमुक्त कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की जाएगी। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रविंद्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के नाम पर बूथ स्तर पर प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। बीएलओ के माध्यम से चुनिंदा वर्गों के मतदाताओं को सत्यापन के बहाने मतदान के अधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सिंह ने कहा कि संविधान और कानून से ऊपर कोई प्रशासनिक पद या व्यक्ति नहीं हो सकता। इसके बाद अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। कार्यालय के बाहर कुछ देर धरने पर बैठकर नेताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पदमुक्त करने तथा SIR प्रक्रिया से जुड़े विवादित निर्णयों को निरस्त करने की मांग की। तत्पश्चात, राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से तारकेश्वर सिंह, मनोज सिंह, धनंजय सिंह पहलवान, स्वामीनाथ यादव, जहिरूद्दीन, जिला मीडिया प्रभारी देशदीपक मिश्रा, अब्दुल हमीद, पलटन यादव, अब्दुल रहीम, हुसैनी, सरोज गौतम, दीपक मल्हार, जय सिंह, प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

