कुरुक्षेत्र के प्रतापगढ़ गांव के सरकारी गर्ल स्कूल में गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। यहां कंप्यूटर रूम में 5 से 6 फुट लंबा कोबरा मिला। सुबह करीब 8 बजे एक टीचर कंप्यूटर रूम में गई थी। उस समय बारिश हो रही थी और बिजली भी नहीं थी। कमरे में पहुंचने पर उसे कुछ आवाज सुनाई दी। टीचर को अंदाजा नहीं था कि कमरे में सांप बैठा है। वह अनजाने में सांप के बिल्कुल पास तक पहुंच गई। इसी दौरान कोबरा फुंकारा तो टीचर डरकर तुरंत कमरे से बाहर आ गई। टीचर ने तुरंत इसकी सूचना स्कूल स्टाफ को दी। पता चलते ही कमरे के पास की क्लास को खाली करवाकर दूसरी जगह बैठाया गया। डायल-112 और फायर ब्रिगेड को बुलाया इसके बाद डायल-112 की टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया, लेकिन सांप उनकी पकड़ में नहीं आया। इसके बाद स्नैक मैन गुलशन को सूचना दी गई। गुलशन मौके पर पहुंचा और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। कोबरा पकड़े जाने के बाद स्कूल स्टाफ ने राहत की सांस ली। फुंकारते ही बाहर भागीं टीचर जानकारी के अनुसार, सुबह बारिश के कारण मौसम खराब था और स्कूल की बिजली भी गई हुई थी। इसी दौरान टीचर किसी काम से कंप्यूटर रूम में पहुंची। कमरे में कुछ आवाज सुनाई देने पर वह उस तरफ बढ़ी, लेकिन वहां कोबरा मौजूद था। टीचर उसके बिल्कुल पास पहुंच गई थी। तभी सांप ने फुंकार मारी। इसके बाद टीचर बिना देर किए कमरे से बाहर निकल आईं और स्कूल स्टाफ को इसकी जानकारी दी। फायर ब्रिगेड भी नहीं पकड़ पाई सांप स्कूल के कंप्यूटर रूम में कोबरा होने की सूचना मिलते ही मौके पर मदद के लिए टीमों को बुलाया गया। डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सांप को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन कोबरा टस से मस नहीं हुआ और गुस्से में जोर से फुंकारने लगा। स्नैक मैन ने बाहर निकाल कर पकड़ा कोबरा इसके बाद स्नैक मैन गुलशन को बुलाया गया। गुलशन ने मौके पर पहुंचकर सांप को पकड़ने की कोशिश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वह कोबरा को पकड़ने में कामयाब रहा। गुलशन ने कोबरा को पहले से कमरे से बाहर निकाला, क्योंकि कमरे में काफी अंधेरा था। इसके बाद उसे पकड़ा गया। सांप पकड़े जाने तक कमरे के पास जाने पर रोक स्कूल में कोबरा मिलने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर किसी को भी कंप्यूटर रूम के पास नहीं जाने दिया गया। सांप पकड़े जाने और उसे जंगल में छोड़ने के बाद ही स्कूल स्टाफ ने राहत महसूस की। गनीमत रही कि टीचर के सांप के इतने करीब पहुंचने के बावजूद कोई अनहोनी नहीं हुई। छिपने के आया कमरे में आकर बैठ गया कोबरा स्नैक मैन गुलशन ने बताया कि कुछ देर पहले ही कोबरा ने कोई शिकार किया था। शिकार को निगलने के बाद कोबरा उसे पचाने के लिए एकांत जगह पर जाकर बैठा था। इसलिए अंधेरे कमरे में जाकर छिपने की जगह ढूंढ रहा था। गनीमत रही कि कोई कोबरा किसी क्लास में नहीं घुसा।

