करनाल शहर के सेक्टर-4 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह कैंटर के अंदर एक ड्राइवर का शव मिलने से मामला सामने आया। युवक रात को गाड़ी में ही सो गया था। सुबह उसके पिता खाना लेकर पहुंचे तो बेटे ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने कैंटर की खिड़की खोलकर देखा तो बेटा मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। 15 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों का पिता था मुकेश
मृतक की पहचान 32 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह ड्राइवरी का काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी शादी को करीब 15 साल हो चुके थे और उसके दो बच्चे हैं। पिता रणधीर सिंह ने बताया कि बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसके शरीर पर भी चोट के निशान नहीं दिखाई दिए। मुकेश कई साल से ड्राइवरी कर रहा था। जब कभी रात को देर हो जाती थी तो वह कैंटर में ही सो जाता था। पिता को फोन कर खाना लाने के लिए कहा था
प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र के मुताबिक, मुकेश ने अपने पिता को फोन करके खाना लेकर आने के लिए कहा था। इसके बाद रणधीर सिंह खाना लेकर औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने बेटे को फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई। शक होने पर उन्होंने कैंटर की खिड़की खोली तो मुकेश अंदर मृत मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
ईआरवी प्रभारी रामदिया ग्रोवर ने बताया कि पुलिस को एक युवक का शव कैंटर के अंदर होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक मृत मिला। जांच अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सेक्टर-4 के औद्योगिक क्षेत्र में कैंटर के अंदर ड्राइवर का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम को बुलाया और जांच शुरू की। मृतक के पिता भी मौके पर मौजूद थे, जो बेटे के लिए खाना लेकर आए थे। पुलिस के अनुसार, मौके पर न तो शरीर पर चोट के निशान मिले और न ही कोई सुसाइड नोट मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

