कुरुक्षेत्र के शाहाबाद के मद्दीपुर गांव में सुनार की दुकान किराए पर लेने के बहाने आए व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां उतरवाईं और लेकर फरार हो गया। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से बुजुर्ग और परिवार पर भरोसा बनाने की कोशिश की। आरोपी एक दिन पहले दुकान देखने के बहाने से आया। अगले दिन सुबह आरोपी दुकान की सफाई करवाने के लिए मजदूर को लेकर पहुंचा। शाम 5-6 बजे फिर परिवार के पास आया और चौक पर दुकान खोलने की बात कही। उस समय घर पर महिलाएं थीं। परिवार ने आरोप को चाय-पानी भी पिलाया। बैठक में बुजुर्ग के पास कोई नहीं था इसी दौरान उसने डिजाइन दिखाकर लाने के बहाने बालियां उतरवा ली। पहले दुकान की तलाश की मद्दीपुर गांव की बुजुर्ग महिला महिंद्रो ने बताया कि आरोपी 5 अक्टूबर को गांव में पहुंचा था। उसने गांव के चौक में सुनार की दुकान खोलने के लिए जगह के बारे में पूछताछ की। दुकान खाली नहीं होने पर उसने पास में बैठक के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उसने बताया कि वह शाहाबाद से आया है और सुनार का काम करना चाहता है। अगले दिन फिर से आया लोगों से बातचीत के बाद वह वहां से चला गया। उस समय किसी को भी उसके इरादे पर शक नहीं हुआ। अगले दिन यानी 6 अक्टूबर को आरोपी फिर गांव में पहुंच गया। इस बार वह अकेला नहीं था। उसके साथ एक मजदूर भी था। उसने जिस दुकान को किराए पर लेने की बात कही थी, वहां पहुंचकर सफाई करवाने की बात कही। चाय पी और बुजुर्ग की बालियां उतरवाईं बुजुर्ग ने बताया कि आरोपी उसके साथ बैठक में बैठा रहा। बातचीत के दौरान उसे चाय-पानी भी पिलाया। कुछ देर बाद आरोपी ने उससे बालियां का डिजाइन देखने की बात कही। बोला कि गांव में किसी ने इसी तरह के डिजाइन की बालियां बनवानी है। इसलिए डिजाइन देखना चाहता है। बहाना बना बलियां लेकर हुआ फरार इसी बहाने उसने मेरे कानों में पहनी सोने की बालियां दिखाने को कहा। उसकी बातों में आकर मैंने अपनी बालियां उतार दीं। आरोपी ने बालियां हाथ में लीं और डिजाइन देखने के बहाने वहां से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया। मामले की जानकारी परिवार को दी। अब शाहाबाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान में लगी है।

