कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में घर पर कपड़े प्रेस करते समय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। परिवार के लोग पहले उसे प्राइवेट फिर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों जगह जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने बगैर पुलिस की कार्रवाई के शव का संस्कार करने की कोशिश की। मृतक की पहचान 32 साल के मनीष कुमार निवासी वार्ड-10 के रूप में हुई। करीब 2 साल पहले ही मनीष की शादी हुई थी। शादी से मनीष के पास एक साल का बेटा है। परिवार ने पहले शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद परिवार राजी हो गया। अर्थिंग होने पर मनीष को लगा करंट ईश्वर चंद के मुताबिक, उसका बेटा मनीष दोपहर के समय घर में कपड़े प्रेस कर रहा था। उस समय वह नंगे पांव था। इसी दौरान प्रेस में अर्थिंग होने के कारण उसे तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ गई। मनीष की अचानक मौत से परिवार में मातम पसर गया। शव लेकर घर आ गए परिजन अस्पताल में मनीष को मृत घोषित करने के बाद परिजन बेटे के शव को घर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन परिवार ने मनीष की मौत इत्तेफाकिया होने की वजह से पोस्टमॉर्टम कराने के लिए मना कर दिया। इस कारण पुलिस और परिवार के बीच में काफी देर तक तनातनी चलती रही। बाद में थाना लाडवा के SHO परिवार को समझाने पहुंचे, जिसके बाद परिवार पोस्टमॉर्टम के लिए मान गया। तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

