कुरुक्षेत्र गीता द्वार पर 24 फीट चौड़ा कृष्ण-अर्जुन रथ लगेगा:1200 किलो वजनी, गेट की ऊंचाई 5 फीट बढ़ाई; पिपली रोड की ट्रैफिक बंद

कुरुक्षेत्र गीता द्वार पर 24 फीट चौड़ा कृष्ण-अर्जुन रथ लगेगा:1200 किलो वजनी, गेट की ऊंचाई 5 फीट बढ़ाई; पिपली रोड की ट्रैफिक बंद

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे-44 (GT रोड) से आने वाले लोगों को जल्द ही भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के रथ का भव्य स्वरूप दिखाई देगा। शहर के प्रवेश द्वार गीता द्वार को नया रूप दिया जा रहा है। द्वार की ऊंचाई करीब साढ़े चार फीट बढ़ाने के बाद अब इसके ऊपर श्रीकृष्ण-अर्जुन का विशाल रथ स्थापित किया जा रहा है। करीब 24 फीट चौड़े और 1200 किलो से अधिक वजन वाले इस रथ को लगाने के काम के चलते शुक्रवार को कुरुक्षेत्र-पिपली रोड पर गीता द्वार के दोनों ओर ट्रैफिक बंद रखा गया। इससे कुरुक्षेत्र से अंबाला, यमुनानगर और करनाल की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को जिंदल चौक के रास्ते नेशनल हाईवे पर पहुंचना पड़ रहा है। कुरुक्षेत्र का महत्व दिखाने की कोशिश इस द्वार का निर्माण पूरा होने के बाद हाईवे से गुजरने वाले लोगों को दूर से ही भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के रथ के दर्शन हो सकेंगे। इसमें भगवान श्री कृष्ण महाभारत युद्ध से पहले अर्जुन को गीता का उपदेश देते दिखेंगे। इस परियोजना के जरिए कुरुक्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को प्रवेश द्वार से ही दर्शाने की तैयारी है। 24 फीट चौड़ा रथ, वजन 1200 किलो वजनी नगर परिषद (नप) के SDO जितेंद्र कुमार मुटनेजा के मुताबिक, गीता द्वार पर स्थापित किए जा रहे श्रीकृष्ण-अर्जुन के रथ की चौड़ाई करीब 24 फीट और ऊंचाई लगभग 5 फीट है। इसे FRB मैटेरियल (फाइबर-रेनफोर्स्ड प्लास्टिक) से तैयार किया गया है। इसका वजन 1200 किलो से अधिक है। आग और बारिश से कोई फर्क नहीं निर्माण एजेंसी के संचालक विशाल भाटिया ने बताया कि रथ को तैयार करने में ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जो आग, बारिश और जंग से सुरक्षित रहेगी। रथ स्थापित होने के बाद गीता द्वार पर सजावट, नक्काशी और लाइटिंग का काम भी किया जाएगा। रात के समय रोशनी के बीच द्वार का स्वरूप और आकर्षक दिखाई देगा। पुराने द्वार से साढ़े चार फीट ज्यादा होगी ऊंचाई गीता द्वार को नया स्वरूप देने के लिए पहले इसकी ऊंचाई बढ़ाई गई। पुराने द्वार के मुकाबले अब इसकी ऊंचाई करीब साढ़े चार फीट ज्यादा की गई है। इसके लिए पहले नया लेंटर डाला गया और अब इसके ऊपर रथ स्थापित किया जा रहा है। रथ का आकार और वजन देखते हुए इसे लगाने का काम विशेष सावधानी के साथ किया जा रहा है। गीता द्वार पर ट्रैफिक किया गया बंद इस काम के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गीता द्वार के आसपास ट्रैफिक बंद किया गया है। सुबह 8 बजे से देर शाम तक कुरुक्षेत्र-पिपली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही डायवर्ट रखी गई। इस कारण दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जिंदल चौक से नेशनल हाईवे का रास्ता लेना पड़ रहा है। हाईवे से ही दिखेगी कुरुक्षेत्र की धार्मिक पहचान गीता द्वार पर श्रीकृष्ण-अर्जुन के रथ की स्थापना का मकसद कुरुक्षेत्र की पहचान को उसके प्रवेश द्वार पर ही दर्शाना है। भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरती पर अर्जुन को गीता का संदेश दिया था। ऐसे में द्वार पर रथ की स्थापना इस धार्मिक विरासत को प्रतीकात्मक रूप से सामने लाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *