कानपुर में सुबह से धूप के बीच बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में शहर में पॉकेट बारिश हो सकती है। हालांकि दिन में उमस लोगों को परेशान करेगी। IMD के अनुसार, 1 जून से अब तक शहर में 55 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया- 11 सितंबर से बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इस दिन हल्की से मध्यम स्तर की लगातार बारिश हो सकती है। 12 और 13 सितंबर को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुककर रिमझिम बारिश होने के आसार हैं। नौ दिन बाद सामान्य से ऊपर पहुंचा पारा बुधवार को पूरे दिन तेज धूप निकली रही। धूप के साथ उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत दर्ज हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक करीब नौ दिन बाद अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचा है।

