कानपुर में लिव-इन पार्टनर ने काजल का मर्डर किया:कहा- बेटी को गलत बोली थी; जानबूझकर नहीं मारा, गला पकड़कर धक्का दिया था

कानपुर में लिव-इन पार्टनर ने काजल का मर्डर किया:कहा- बेटी को गलत बोली थी; जानबूझकर नहीं मारा, गला पकड़कर धक्का दिया था

कानपुर के लिव-इन में रह रही काजल की हत्या के आरोपी पार्टनर पप्पू पासवान को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। 21 अक्टूबर को उसने अपनी बेटी को अपशब्द कहने पर काजल को गला दबाकर मार डाला था। उसने वारदात को स्वर्ण जयंती विहार में किराए के कमरे में अंजाम दिया। इसी कमरे में दोनों रहते थे। इसके बाद कमरे के दरबाजे पर बाहर से ताला लगाकर भाग गया था। 22 अक्टूबर की शाम 6 बजे पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि काजल के कमरे से एक दिन पहले झगड़े की आवाजें आई थीं। इसके बाद से कोई हलचल नहीं है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे से काजल का शव बरामद हुआ। महिला के शरीर पर पैर के अंगूठे, हाथ की उंगलियों, गाल और गर्दन समेत 15 जगह चोटों के निशान मिले। सिर पर गंभीर चोट से हड्डी भी टूट गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस को शुरू से ही पप्पू पर शक था। रविवार की दोपहर 1 बजे पुलिस ने उसे उसके गोकुल ग्राउंड सनिगवां स्थित किराए के कमरे से अरेस्ट कर लिया। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी घटना… पप्पू ने पुलिस को बताया कि काजल के काजल हसीना, हसीना खातून और दीया जैसे अलग-अलग नाम थे। काजल के पहले हमजा खान नाम के व्यक्ति से संबंध थे, जिसे वो जीजा बताती थी। दोनों अरमापुर चौकी के पीछे रहते थे। बाद में काजल हमजा को छोड़कर पास में ही राजकुमार पाल के साथ रहने लगी। पप्पू ने बताया कि काजल और राजकुमार के बीच करीब एक साल तक संबंध रहे। फिर दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। काजल ने राजकुमार के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद राजकुमार ने भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। पप्पू के पास काम मांगने आई थी काजल पप्पू के मुताबिक, वर्ष 2021 या 2022 के आसपास काजल उसके संपर्क में आई। वह उसके पास काम मांगने पहुंची थी। उसे काम पर रख लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पप्पू पहले से शादीशुदा था। उसके मुताबिक, काजल उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। वह कहती थी कि उससे शादी नहीं की तो उसे जेल भिजवा देगी। पप्पू ने कहा कि वह डर गया था और उसने उससे शादी कर ली। कुछ समय बाद काजल ने उससे कहा कि वो अपना प्लॉट और एक लाख रुपये उसे दे दे तो वो पीछा छोड़ देगी। पप्पू ने बताया कि उसके पास इतने रुपये नहीं हैं और उसने अपनी बेटी की शादी के लिए प्लॉट खरीदा है। प्लॉट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। पप्पू ने बताया कि काजल ने उसके खिलाफ धमकाने और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि इस मामले में उसे कचहरी के चक्कर लगाने पड़े और आर्थिक नुकसान हुआ। बाद में दोनों के संबंध खत्म हो गए। पप्पू से विवाद के बाद आतिफ के संपर्क में आई काजल पप्पू के मुताबिक, इसके बाद काजल आतिफ कुरैशी के संपर्क में आ गई। सनिगवां के रहने वाले आतिफ की मीट शॉप है। पप्पू के मुताबिक वर्ष 2022-23 के दौरान आतिफ और काजल के बीच संबंध बने। बाद में काजल ने आतिफ पर धर्म परिवर्तन के आरोप लगाए, मुकदमा भी दर्ज कराया। पप्पू के मुताबिक आतिफ से विवाद के बाद काजल फिर उसके संपर्क में आई। दोनों के बीच मुकदमा खत्म कराने की शर्त पर समझौता हुआ और वे दोबारा साथ रहने लगे। हालांकि, पुराने विवाद खत्म नहीं हुए थे। काजल उसे धमकाती रहती थी। बेटी को लेकर धमकी देने का आरोप पप्पू ने पुलिस को बताया कि काजल उसकी 13 वर्षीय बेटी को लेकर धमकी देती थी। फोन पर कहती थी, ‘तेरी बिटिया के ऊपर हम 4-4 मोहल्ले चढ़वा देंगे, तेरा जीना हराम कर देंगे।’ पप्पू ने बताया कि उसने काजल को कई बार ऐसा न करने के लिए समझाया था। उसने कहा था कि बेटी को लेकर ऐसी बातें न करे, वरना मामला बिगड़ सकता है। पप्पू के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। 21 अक्टूबर को वह काजल से मिलने पहुंचा। वहां बेटी को लेकर फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद हाथापाई हुई। पप्पू बोला- गला पकड़कर धक्का दिया था, गिरकर मर गई पप्पू ने पुलिस को बताया कि उसने काजल का गला पकड़ा और धक्का दे दिया। महिला दीवान से टकराई और बेड के नीचे गिर गई। आरोपी के मुताबिक, उस समय उसे लगा कि महिला जानबूझकर नहीं, बल्कि धक्का लगने से गिरी है। बाद में उसने देखा तो वह मर चुकी थी। पोस्टमार्टम में गला दबाने की पुष्टि, 15 जगह चोटें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में काजल की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। उसके पैर के अंगूठे, हाथ की उंगलियों, गाल और गर्दन समेत 15 जगह चोटों के निशान मिले। सिर पर गंभीर चोट के कारण हड्डी टूटने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका के मद्देनजर स्लाइड तैयार कराई है। चार अलग-अलग नामों से बने आधार कार्ड मिले पुलिस जांच में काजल के चार अलग-अलग नामों से बने आधार कार्ड मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक आधार कार्ड पर राजकुमार को पिता बताया गया था। पुलिस दस्तावेजों की सत्यता और उन्हें बनवाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस काजल के पुराने मुकदमों और पप्पू के बयान में सामने आए तथ्यों का भी सत्यापन कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *