टाटमिल चौराहे पर एक युवक ने विवाद के दौरान युवती के बाल पकड़ कर उसपर कई थप्पड़ बरसाए। बीच सड़क हंगामा होते देख मजमा लगने लगा तो युवक, युवती को जबरन बाइक में बिठा कर ले जाने लगा। राहगीरों के विरोध किया तो युवक बोला कि ये उनका पर्सनल मैटर है। राहगीरों के बीच–बचाव करने पर युवती किसी तरह बची। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। 1 मिनट 29 सेकेंड का वीडियो वायरल घटना का 1 मिनट 29 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो नए पुल का बताया जा रहा है। वीडियो में हेलमेट लगाए एक युवक युवती को थप्पड़ मारने के साथ उसके बाल खींचता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने सरेराह युवती से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह युवती पर बाइक पर बैठने का दबाव बनाता भी नजर आया। युवक की हरकतें देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने हस्तक्षेप किया और उसे फटकार लगायी, जिस पर युवक युवती हाथ पकड़कर जबरन घर चलने का दबाव बनाने लगा, जिस पर युवती ने इंकार किया। युवती का छीना मोबाइल, विरोध पर लौटाया इस पर युवक ने राहगीरों को धमकाते हुए कहा कि, ये हम लोगों का आपस का मामला है। राहगीरों ने युवती से पुलिस से शिकायत करने की बात कही, जिसके बाद युवक ने युवती का मोबाइल छीनकर छोड़ दिया। राहगीरों के दबाव बनाने पर युवक ने युवती का मोबाइल वापस किया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर राहगीरों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो बाबूपुरवा नए पुल के पास का बताया जा रहा है। बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि वायरल वीडियो कई दिन पुराना है, मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

