कानपुर में बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत:येलो अलर्ट जारी, दोपहर से रात तक बरसेंगे बादल, तापमान भी गिरेगा

कानपुर में बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत:येलो अलर्ट जारी, दोपहर से रात तक बरसेंगे बादल, तापमान भी गिरेगा

कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान कानपुरवासियों को शुक्रवार से राहत मिलने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से शुक्रवार को शहर में मध्यम से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 14 अगस्त को सिस्टम का सबसे ज्यादा असर रहेगा। दोपहर से रात तक लगातार बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रात से यूपी में प्रवेश करेंगी मानसूनी हवाएं मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनना शुरू हो गया है। यह सिस्टम तेजी से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी दिशा में रुकी मानसूनी हवाएं आगे बढ़ेंगी और गुरुवार रात से उत्तर प्रदेश के वायुमंडल में प्रवेश करना शुरू कर देंगी। इसका असर शुक्रवार से कानपुर में भी दिखाई देगा। 15 अगस्त को भी बारिश से नहीं मिलेगी राहत डॉ. पांडेय के अनुसार 15 अगस्त को भी मौसम प्रणाली सक्रिय रहेगी। सुबह रुक-रुककर रिमझिम फुहारें पड़ सकती हैं, जबकि दोपहर के बाद गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। 16 और 17 अगस्त को भी आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और दिन में रुक-रुककर मध्यम बारिश होती रहेगी। इससे आने वाले दिनों में उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी व उमस से बेहाल रहे लोग सीएसए की ओर से गुरुवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत रही। गुरुवार को पूरे दिन भीषण उमस ने लोगों को परेशान किया। लोग पसीने से तर-बतर रहे। गंगा का जलस्तर बढ़ा पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.16 मीटर रहा। इस स्थान पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर व खतरे का निशान 114 मीटर पर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *