कानपुर के बर्रा थाने में भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम को धरना प्रदर्शन करने के साथ ही जमकर हंगामा किया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि जुआरियों की शिकायत करने पर मंडल उपाध्यक्ष को जमकर पीटा गया। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई एक्शन नहीं हुआ। बर्रा पुलिस पर जुआरियों से साठगांठ का आरोप लगाया। एसीपी नौबस्ता ने कड़ी मशक्कत से कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। थाने के भीतर किया हनुमान चालीसा का पाठ, लगाए मुर्दाबाद के नारे बर्रा के मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह परिहार समेत कई कार्यकर्ता रविवार शाम को बर्रा थाने में नारेबाजी करते हुए पहुंचे। बर्रा पुलिस मुर्दाबाद…भारत माता की जय…, नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया। इसके बाद भाजपा नेता थाने के भीतर ही नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। आनंद ने बताया कि बर्रा विश्वबैंक एच-ब्लॉक पार्क में जुआ खेला जा रहा था, मंडल उपाध्यक्ष अन्नू ने जुए का विरोध किया और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तो कोई एक्शन नहीं लिया लेकिन जुआरियों ने पीट दिया और धमकाते हुए भाग निकले। इसके बाद भाजपा नेता ने मामले की शिकायत बर्रा थाने में की, लेकिन पुलिस ने जुआरियों पर कोई एक्शन नहीं लिया। इससे आक्रोशित भाजपा नेता रविवार शाम को बर्रा थाने पर धरने पर बैठ गए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बर्रा थाने को जुआड़ी और समाजवादी पार्टी के नेता संचालित कर रहे हैं। बर्रा इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज पर लगाए गंभीर आरोप इसी के साथ-साथ बर्रा इंस्पेक्टर क्षितिज कुमार सिंह, बर्रा चौकी इंचार्ज गगन मिश्रा, दीवान अंकुर परमार के ऊपर कारवाई करने की बात को लेकर धरना खत्म किया जाएगा। अगर इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो धरना ऐसे ही चलता रहेगा। एसीपी नौबस्ता राहुल अभिषेक बर्रा थाने पहुंचे और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन एसीपी के आते ही कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया पाठ के साथ-साथ इन पुलिसकर्मियों को ईश्वर बुद्धि दे के नारे भी लगाने लगाए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद धरना प्रदर्शन खत्म हुआ।

