कानपुर देहात के राजपुर कस्बे में रामजानकी मंदिर के महंत रामबीर बाबा पर हमले का मामला सामने आया है। महंत ने चार से छह लोगों पर पीछे से लोहे की रॉड से हमला करने और 47,500 रुपए व दो अंगूठियां लूटने का आरोप लगाया है। रविवार रात हुई घटना के बाद वह सड़क पर बेहोश होकर गिर गए थे। होश में आने के बाद सोमवार को उन्होंने राजपुर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि थानाध्यक्ष का कहना है कि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है और आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीछे से रॉड से हमला करने का आरोप महंत रामबीर बाबा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने गांव भाल जा रहे थे। रास्ते में एक मंदिर के पास चार से छह लोग खड़े थे। उनका आरोप है कि वहां से गुजरते समय पीछे से लोगों ने लोहे की रॉड से उनके सिर और शरीर पर हमला कर दिया। चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों ने उन्हें घायल हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी।
दो अंगूठियां भी ले जाने का आरोप महंत के मुताबिक, उनके ट्रक चलते हैं। रविवार को तीन ट्रकों का हिसाब हुआ था और करीब 47,500 रुपए उनके पास थे। उनका आरोप है कि हमलावर उनकी जेब से यह रकम और दो अंगूठियां लेकर चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें राजपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर मनोज सर्राफ ने प्राथमिक उपचार किया। हालत बिगड़ने पर महंत को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। होश में आने के बाद थाने पहुंचे, कार्रवाई की मांग सोमवार को होश आने के बाद रामबीर बाबा राजपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देकर हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई करने और कथित तौर पर लूटी गई नकदी व जेवर बरामद कराने की मांग की। महंत के शिकायत देने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस बोली- घटना संदिग्ध, आपसी रंजिश का एंगल भी राजपुर थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि महंत की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। साथ ही आपसी रंजिश का पहलू भी सामने आया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमले की वजह, आरोपियों की पहचान और लूट के आरोपों की पुष्टि करने में जुटी है।

