कानपुर देहात में लगातार हो रही बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी आदेश में परिषदीय, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त और सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी बोर्ड के विद्यालयों को शामिल किया गया है। 17 घंटे से लगातार बारिश, तेज बारिश का अलर्ट कानपुर देहात में पिछले करीब 17 घंटे से बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के दौरान तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। सभी बोर्ड के स्कूलों में नहीं होगी पढ़ाई जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक की नियमित पढ़ाई नहीं होगी। यह आदेश जिले के सभी विद्यालयों पर लागू रहेगा। इसमें परिषदीय विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय तथा सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित स्कूल शामिल हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन को शनिवार को विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं करने को कहा गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण एक दिन के अवकाश का निर्णय लिया गया है। फिलहाल जिले में बारिश जारी है और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। आने वाले घंटों में बारिश की स्थिति के अनुसार प्रशासन की ओर से आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।

