नमस्कार, कानपुर की कल (रविवार) की 10 बड़ी खबरें…अजन्मी बेटियों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए महिलाओं ने गंगा किनारे महातर्पण किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 40 से अधिक महिलाओं ने जल अर्पित कर पिंडदान किया। वहीं, किदवई नगर में चलती स्कूटी पर ENT सर्जन को हार्ट अटैक आ गया। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह बीच सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनकी मौत हो गई। इधर, भारतीय दलित पैंथर ने धम्म चेतना वाहन रैली निकाली गई। कंपनी बाग चौराहे से शुरू हुई रैली नानाराव पार्क तक पहुंची। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। अब पढ़िए सिलसिलेवार खबरें- 1. किदवई नगर में चलती स्कूटी पर ENT सर्जन को हार्ट-अटैक, मौत; सड़क पर गिरने से हाथ-मुंह में चोटें आईं किदवई नगर में चलती स्कूटी पर ENT सर्जन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में डॉक्टर के हाथ और मुंह में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पढ़िए पूरी खबर…. 2. जाजमऊ में बिजली के खंभे पर काम कर रहे संविदाकर्मी की करंट से मौत: 25 फीट नीचे गिरा, अस्पताल में तोड़ा दम जाजमऊ में बिजली के खंभे पर काम कर रहे संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। करंट की चपेट में आते ही वह करीब 25 फीट ऊंचाई से नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पढ़िए पूरी खबर… 3. कानपुर में डेढ़ महीने से जलभराव, ग्राउंडवॉटर हुआ प्रदूषित; घरों के सबमर्सिबल से निकल रहा गंदा-बदबूदार पानी कानपुर के मकड़ीखेड़ा, गुप्ता कॉलोनी, सरस्वती बिहार और बालाजीपुरम में डेढ़ महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। अब बारिश का पानी ग्राउंडवॉटर को भी प्रदूषित कर रहा है। घरों के सबमर्सिबल पंप से गंदा और बदबूदार पानी निकल रहा है। हालत यह है कि लोग इसे पीने के साथ-साथ घरेलू काम में इस्तेमाल करने से भी बच रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर… 4. ‘हिंदू राष्ट्र रहेगा तो चोरी कोई करे, गरियाया चमार जाएगा’: धम्म चेतना रैली में दलित पैंथर अध्यक्ष बोले- भारत को बौद्धमय बनाना है भारतीय दलित पैंथर ने धम्म चेतना वाहन रैली निकाली गई। कंपनी बाग चौराहे से शुरू हुई रैली नानाराव पार्क तक पहुंची। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जय भीम के नारे लगाए। दलित पैंथर अध्यक्ष धनीराव बौद्ध ने जातिगत भेदभाव, हिंदू राष्ट्र और एससी-एसटी व पिछड़े वर्ग के आरक्षण का मुद्दा उठाया। पढ़िए पूरी खबर… 5. अंबेडकर पार्क का ओपन जिम कूड़े से पटा: काकादेव की नगर-निगम कॉलोनी बदहाल, पार्क अब बना बीमारी का घर काकादेव वार्ड-30 में पॉश इलाके के बीच बनी नगर निगम कॉलोनी बदहाली से जूझ रही है। यहां का अंबेडकर पार्क चारों तरफ कूड़े से पटा है। गंदगी के कारण बच्चे झूलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। कॉलोनी की नालियां भी कचरे से अटी हैं और बजबजा रही हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पढ़िए पूरी खबर… 6. रिटायर्ड-फौजी बोला- महिला सिपाही के सुसाइड के बाद डर गया: आखिरी बार बात हुई तो मोबाइल रिसेट किया, पुलिस ने जेल भेजा रेऊना थाना क्षेत्र में महिला कांस्टेबल प्रतीक्षा के सुसाइड केस में पुलिस जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। प्रतीक्षा की मौत के बाद उसके 23 साल बड़े शादीशुदा प्रेमी विक्रम सिंह चंदेल ने अपना मोबाइल फोन रीसेट कर दिया था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद विक्रम ने बताया कि मौत की खबर सुनकर वह डर गया था। उसे पुलिस के कॉल डिटेल खंगालने का डर था। पढ़िए पूरी खबर… 7. अन्नू अवस्थी ने निकाली 16KM देव यात्रा: 50 गाड़ियों का काफिला, सीसामऊ से चुनाव लड़ने का ऐलान हास्य कलाकार और टीवी अभिनेता अन्नू अवस्थी ने रविवार को मित्र मिलन और देव यात्रा निकाली। लाजपत नगर से शुरू हुई करीब 16 किलोमीटर लंबी यात्रा में 50 गाड़ियों का काफिला शामिल रहा। अन्नू खुली जीप में सवार होकर निकले। उनके साथ सांसद रमेश अवस्थी और अभिनेत्री दीप्ती जोशी भी मौजूद रहीं। इसी दौरान उन्होंने सीसामऊ से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। पढ़िए पूरी खबर… 8. गोविन्द नगर में 11वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान: भाई कमरे में पहुंचा तो पंखे से लटका मिला शव गोविंद नगर में 11वीं की छात्रा ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर छोटा भाई उसे बुलाने पहुंचा। अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे बहन का शव लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पढ़िए पूरी खबर… 9. सतीश निगम और नीलिमा जलभराव में उतरे: पूर्व सपा MLA बोले- 10 साल में कुछ नहीं हुआ, BJP ने कहा- वोटिंग से 4 महीने पहले दिखे कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के मकड़ीखेड़ा, गुप्ता सोसाइटी, बालाजीपुरम और ख्यौरा में एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। हजारों परिवारों को पानी के बीच रहना पड़ रहा है। इस बीच पूर्व सपा विधायक सतीश निगम प्रभावित इलाकों में पहुंचे और लोगों से हाल जाना। वहीं, भाजपा विधायक नीलिमा कटियार अधिकारियों के साथ पानी निकासी और राहत कार्यों में जुटी नजर आईं। पढ़िए पूरी खबर… 10. अजन्मी बेटियों के लिए महातर्पण: महिलाओं ने गंगा के किनारे किया पिंडदान, बेटा-बेटी में भेदभाव खत्म करने का लिया संकल्प अजन्मी बेटियों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए महिलाओं ने गंगा किनारे महातर्पण किया। सरसैया घाट पर युग दधीचि बेटी बचाओ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में 40 से ज्यादा महिलाएं शामिल हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अजन्मी बेटियों को जल अर्पित किया। साथ ही भ्रूण हत्या रोकने और बेटा-बेटी में भेदभाव खत्म करने का संकल्प लिया। पढ़िए पूरी खबर…

