कानपुर कचहरी में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जुटेंगे 2500 अधिवक्ता:10 और 11 को रहेगी हड़ताल, 55 जिलों के अधिवक्ता शामिल होने आएंगे

कानपुर कचहरी में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जुटेंगे 2500 अधिवक्ता:10 और 11 को रहेगी हड़ताल, 55 जिलों के अधिवक्ता शामिल होने आएंगे

अधिवक्ताओं पर पिछले दिनों हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट व बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा अपने आदेशों के तहत की जा रही सख्ती पर विचार-विमर्श के लिए गुरुवार से कानपुर में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बार व लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित किए जा रहे संयुक्त सम्मेलन में हड़ताल की अंडरटेकिंग न देने, अधिवक्ताओं के मुकदमे गैर जनपद ट्रांसफर करने समेत चार प्रस्ताव प्रमुख रुप से रखे जाएंगे। 10 और 11 सितंबर को आयोजित होने वाले सम्मेलन की रूपरेखा बुधवार को बार व लॉयर्स पदाधिकारियों ने तय की। पदाधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बताया कि प्रदेश के 75 जिलों के बार संघो के प्रतिनिधियों से वार्ता हो चुकी है, जिसमें से 55 जिलों के तकरीबन 2500 अधिवक्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कानपुर आएंगे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कानपुर में दो दिन अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। प्रमुख चार मुद्दों पर होगी चर्चा बार एसोसिएशन हॉल में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बार एसोसिएशन के महामंत्री बिनय कुमार मिश्रा व लॉयर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अधिवक्ताओं की हड़ताल व न्यायिक कार्य बहिष्कार पर जो रोक लगाई गई है और एसोसिएशन के पदाधिकारियों पर दबाव डालकर अंडरटेकिंग मांगी जा रही है। हाईकोर्ट ने मो. कफील की याचिका में अधिवक्ताओं के मुकदमे गैर जिलों में स्थानांतरित करने की बात कही है, जिसमें कानपुर बार व लॉयर्स एसोसिएशन को भी पक्षकार बनाने के लिए प्रतिवेदन किया गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा अधिवक्ता अधिनियम में संशोधन करने के प्रस्ताव पर जिन बिंदुओं पर असहमति बनी है, उन्हें बार काउंसिल भेजा जा चुका है। चौथे प्रस्ताव में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू कराने की मांग, वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पेंशन समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई थी, जिसको लेकर प्रादेशिक सम्मेलन बुलाए जाने की बात तय हुई थी। जिसके चलते 10 और 11 सितंबर को प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें उक्त सभी मुद्दों पर प्रस्ताव रखे जाएंगे। प्रस्ताव पास होने पर भारत सरकार, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट, बार काउंसिल ऑफ इंडिया व यूपी बार काउंसिल को प्रस्ताव प्रेषित किए जाएंगे। वाटरप्रूफ बना पंडला, तीन स्थानों पर होगी पार्किंग महामंत्री बिनय कुमार मिश्रा ने बताया कि सम्मेलन कचहरी परिसर में बने तीन लॉन में आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए भव्य वाटर प्रूफ पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें एक हजार अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के अलग–अलग जनपदों से आने वाले अधिवक्ताओं के लिए कचहरी के चारो तरफ जीएनके इंटर कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज व सरसैया घाट में वाहनों की पार्किंग की जाएगी। इस मौके पर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मो. तौहीद मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *