करौली जिले में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए मतदाताओं की संख्या और चुनावी दायरा बढ़ गया है। इस बार जिले की 11 पंचायत समितियों में कुल 9 लाख 60 हजार 736 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले चुनाव (2021) की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 99 हजार 881 की बढ़ोतरी हुई है। पंचायत समितियों की संख्या भी आठ से बढ़कर 11 हो गई है। इस चुनाव में पंचायत समिति सदस्य के 195 और जिला परिषद सदस्य के 35 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 1002 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं में 5 लाख 15 हजार 164 पुरुष, 4 लाख 45 हजार 566 महिला और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 69 हजार 598 अधिक है। पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार, नादौती में सबसे ज्यादा 1 लाख 24 हजार 537 मतदाता हैं, जबकि मासलपुर में सबसे कम 68 हजार 919 मतदाता हैं।

