मऊ में करहां बाजार के प्रसिद्ध दशहरा मेले में मंगलवार शाम श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। आकर्षक तोरण द्वार, विद्युत झालरों से सजे पंडाल और दुर्गा प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। नवयुवक व्यापार मंडल दुर्गा पूजन समिति और श्रीमां दुर्गा पूजन समिति के पंडालों में विशेष सजावट की गई थी। मुख्य मार्ग पर समिति अध्यक्ष विक्की वर्मा के सहयोग से बनाया गया विशाल तोरण द्वार लोगों को आकर्षित करता रहा। पंडालों में गूंजते भक्ति गीतों के बीच बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और मेले का आनंद उठाया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मुस्तैद रही। उपनिरीक्षक वैभव कुमार पांडेय और अनिल सिंह हमराहियों के साथ क्षेत्र में चक्रमण करते रहे। मेले की व्यवस्थाओं में विक्की वर्मा, अनिल भारद्वाज, विजय दास, राजेश यादव, चंदन सिंह, लालचंद शर्मा, अनिल चौरसिया और विनोद यादव जुटे रहे।

