करनाल जिले के फुसगढ़ की दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले एक युवक ने आरोप लगाया है कि शादी के महज ढाई दिन बाद उसकी दुल्हन घर से गहने और कपड़े लेकर फरार हो गई। युवक का कहना है कि गांव की एक महिला ने 80 हजार रुपए लेकर उसका रिश्ता करवाया था। शादी यमुनानगर में हुई थी। अब पीड़ित परिवार पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहा है। आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। वहीं, शादी करवाने वाली महिला को पुलिस ने थाने बुलाया तो उसने 80 हजार रुपए लौटाने की बात लिखकर दी। परिवार में मां-बेटे, दिहाड़ी मजदूरी करता है युवक दुर्गा कॉलोनी निवासी सोमपाल ने बताया कि उसके परिवार में वह और उसकी मां ही हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। फुसगढ़ की रानी नामक महिला ने उसकी शादी करवाई थी। सोमपाल के अनुसार, रानी फुसगढ़ की तिगड़ा कॉलोनी की रहने वाली है और उत्तम कॉलोनी की गली नंबर 11 में रहती है। रानी की बहन ने उसके साथ बातचीत करवाई थी, क्योंकि वही रिश्ता तय करवा रही थी। इस रिश्ते के लिए उससे 80 हजार रुपए लिए गए। यमुनानगर में हुई शादी, दुल्हन के साथ आए थे 6-7 लोग सोमपाल ने बताया कि, जिस युवती से उसकी शादी हुई, वह यमुनानगर की रहने वाली थी। शादी भी यमुनानगर में ही हुई थी। युवती के परिवार की तरफ से करीब 6-7 लोग एक ही गाड़ी में आए थे। सोमपाल की तरफ से कोई रिश्तेदार शादी में शामिल नहीं हुआ और वह अपने परिवार के साथ ही गया था। शादी के बाद वह दुल्हन को अपने घर फुसगढ़ ले आया। 19 सितंबर को यमुनानगर में छोड़कर जाने का आरोप सोमपाल के मुताबिक, दुल्हन घर में केवल ढाई दिन रही। इसके बाद वह घर के गहने और कपड़े लेकर चली गई। उसने बताया कि 19 सितंबर को शाम 5 बजे उसे यमुनानगर में पनवाड़ी की दुकान पर छोड़ दिया गया। वह शाम 6:30 बजे तक इंतजार करता रहा, लेकिन संबंधित महिला नहीं आई। इसके बाद उसने रानी को फोन कर बताया कि दुल्हन भाग गई है, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फोन करके यमुनानगर रेलवे स्टेशन बुलाया रात करीब 11 बजे रानी का फोन आया और उसने सोमपाल को यमुनानगर रेलवे स्टेशन जाने के लिए कहा। सोमपाल के अनुसार, वह स्टेशन पहुंचा और पूरी रात वहीं बिताई। उसने रानी को बताया कि दुल्हन घर का सामान लेकर चली गई है। इस पर रानी ने कहा कि उसे पहले बताना चाहिए था। सोमपाल का कहना है कि उसने पहले ही देवी-पितरों की पूजा करने की बात कही थी, लेकिन दुल्हन अपना सामान पैक करके यमुनानगर जाने की तैयारी कर रही थी। पुलिस से कार्रवाई की मांग, महिला ने रुपए लौटाने की बात लिखी सोमपाल ने आशंका जताई कि रानी दूसरे लोगों के रिश्ते भी करवाती है और संभव है कि अन्य लोग भी इस तरह ठगी का शिकार हुए हों। उसने पुलिस को शिकायत देने की बात कही और आरोप लगाया कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमपाल के अनुसार, रानी को भी पुलिस थाने बुलाया गया था। वहां उसने लिखकर दिया कि वह उनके 80 हजार रुपए लौटा देगी। पीड़ित परिवार अब अपने पैसे वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

