करनाल में गांव रंबा के नजदीक हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक सवार दंपति और उनकी दो बच्चियों को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बच्चियों को भी चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बस यमुनानगर डिपो की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। भाइयों को तिलक लगाने जा रहा था परिवार
मृतका की पहचान गांव कालरम निवासी कविता के रूप में हुई है। वह अपने पति प्रमोद के साथ बाइक पर सवार होकर कुराली गांव जा रही थी। दंपति दशहरे पर कविता के भाइयों को तिलक लगाने के लिए निकला था। दोनों करनाल की मार्केट से सामान खरीदकर आ रहे थे। बाइक प्रमोद चला रहा था, जबकि कविता अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर बैठी थी। इनमें एक बच्ची 8 माह और दूसरी डेढ़ साल की है। रंबा के पास पहुंचते ही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चारों सड़क पर गिर गए। कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद और दोनों बच्चियों के सिर में चोटें आईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन
घायल प्रमोद के जीजा ने बताया कि 20 अक्तूबर को दोपहर बाद उनके पास किसी अनजान नंबर से कॉल आई थी। फोन पर उन्हें साले और उसकी पत्नी के हादसे का पता चला। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां कविता की मौत होने की जानकारी मिली। प्रमोद गंभीर रूप से घायल था और उसे अस्पताल ले जाया गया था। जीजा के अनुसार, परिवार त्योहार पर भाइयों को तिलक लगाने के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। तेज रफ्तार से बस चलाने का आरोप
प्रमोद के जीजा ने बताया कि बस यमुनानगर डिपो की है। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बस को रंबा चौकी में खड़ा करवाया गया है। जीजा के मुताबिक, बस में सवार यात्रियों ने बताया कि चालक शुरू से ही तेज गति से बस चला रहा था और उसकी रफ्तार के कारण यात्री भी घबराए हुए थे। उन्होंने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

