करनाल के मीरा घाटी के पास स्थित ब्राइट होटल के कमरे में 32 वर्षीय कुलविंद्र का शव मिलने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने तीनों आरोपियों से पूछताछ, होटल की सीसीटीवी फुटेज की जांच और तीन दिन तक कमरा बुक रखने के कारणों की जांच की मांग की है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने के लिए तैयार हो गए है। आज कुलविंद्र का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। परिजनों ने तीन लोगों पर जताया शक
मृतक के जानकार पार्षद सुभाष व अन्य लोगों ने पुलिस के सामने तीन लोगों की भूमिका की जांच की मांग रखी। उन्होंने बताया कि कुलविंद्र के ससुराल पक्ष की ओर से जानकारी मिली है कि इन तीन लोगों का उसके साथ होटल में आना-जाना था। इन्हीं लोगों से जुड़ी जानकारी के आधार पर पता चला कि कुलविंद्र करीब तीन दिन से होटल में रह रहा था। परिजनों ने होटल के कमरे से शराब, कंडोम, इंजेक्शन और सीरिंज मिलने की बात भी पुलिस के सामने रखी। उनका कहना था कि इन परिस्थितियों की पूरी जांच होनी चाहिए। परिजनों ने मांग की कि जिन तीन लोगों पर उन्हें शक है, उनसे पूछताछ की जाए और जांच में उनकी भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। शेखर के नाम पर बुक था होटल का कमरा
पुलिस अधिकारी ने परिजनों को बताया कि होटल का कमरा शेखर के नाम पर बुक था। पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को कुलविंद्र शेखर के पास गया था और वहां मौजूद लोगों ने साथ में शराब पी थी। बाद में कुलविंद्र दूसरे कमरे में मिला। पुलिस टीम को सूचना रात करीब साढ़े 10 बजे मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो कुलविंद्र बिस्तर पर लेटा हुआ मिला था।
पुलिस ने बताया कि मौके की फोटो और वीडियो भी उपलब्ध हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान शव की स्थिति ऐसी थी, जैसे कोई व्यक्ति सो रहा हो। पुलिस अधिकारी के अनुसार मौके पर जबरदस्ती या संघर्ष के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं दिए। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। सीसीटीवी फुटेज से खंगाली जाएगी पूरी गतिविधि
परिजनों ने पुलिस से पूछा कि जब कमरा शेखर के नाम पर बुक था तो क्या उससे पूछताछ की गई है। पुलिस ने बताया कि शेखर से पूछताछ की जाएगी। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जाएगी, ताकि पता लगाया जा सके कि होटल में कौन-कौन आया और किस समय वहां मौजूद रहा।
पुलिस ने यह भी बताया कि शेखर के साथ बताए जा रहे अन्य दो लोगों को भी बुलाकर पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम, शव मोर्च्युरी में रखवाया
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के बाद टीम रात में ही ब्राइट होटल पहुंच गई थी। मौके की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल पर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया गया था। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाया है।
परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी थाना एसएचओ ने बताया कि मामले में मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उन्होंने कहा कि जिन तीन लोगों पर परिजनों ने आरोप लगाए हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 28 सितंबर को घर से निकला था कुलविंद्र
कुलविंद्र मूल रूप से तरावड़ी की विश्वास कॉलोनी में अपनी ससुराल में रहता था। 28 सितंबर को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। बताया गया कि वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। बाद में उसका शव करनाल के मीरा घाटी के पास ब्राइट होटल के कमरे में मिला। कुलविंद्र पिछले कई वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहा था। उसकी पत्नी के साथ भी अनबन चलने की बात सामने आई है। 29 सितंबर को मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। इसके बाद परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। होटल की सीसीटीवी फुटेज, कमरे की बुकिंग, वहां आने-जाने वाले लोगों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुलविंद्र की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

