कपूरथला पुलिस ने नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। CIA स्टाफ की टीम ने आरोपी के पास से 124 ग्राम हेरोइन बरामद की। उसके खिलाफ थाना सदर कपूरथला में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, CIA स्टाफ के ASI सुखचैन सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। पुलिस टीम फेकू पद से गांव ढुडियांवाल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम RCF के पास रेलवे फाटक पर पहुंची तो सामने से एक व्यक्ति पैदल आता दिखा। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया और संदिग्ध हरकतें करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को पकड़ा और पूछताछ की। उसने नाम सूरज सिंह पुत्र अजमेर सिंह, निवासी गांव सैच्चा, सुल्तानपुर लोधी बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 124 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज CIA स्टाफ के इंचार्ज रमन कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सदर कपूरथला में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि पता चल सके कि वह हेरोइन कहां से लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई करनी थी।

